खदान-क्रशर की चमक के पीछे ग्रामीणों की जिंदगी में अंधेरा!Pakur डीसी के दरबार में पहुंचा ग्रामीणों का आक्रोश,निष्पक्ष जांच तक खदान बंद करने और खनन पट्टा रद्द करने की मांग
Pakur:जिले में विकास के नाम पर जब गांव की जमीन से पत्थर निकलने लगें,आसमान में धूल का गुबार छाने लगे और घरों की दीवारें धमाकों से कांपने लगें,तब ग्रामीणों के मन में एक सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर इस विकास की कीमत कौन चुका रहा है! रोजगार, खुशहाली और गांव के कायाकल्प का सपना दिखाकर शुरू हुआ खनन कारोबार आज ग्रामीणों के आरोपों के घेरे में है।मामला हिरणपुर प्रखंड के आसंजोला गांव में संचालित रोए एंड रोए माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड का है।कंपनी की कथित मनमानी,प्रदूषण,भारी ब्लास्टिंग और जमीन के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है।
बीते दिनों शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पाकुड़ समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त को सामूहिक मांग पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि स्थानीय लोगों को रोज गार,उचित भुगतान और उनके अधिकार नहीं मिले, तो खदान एवं क्रशर का संचालन किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। यह विरोध महज एक ज्ञापन तक सीमित नहीं, बल्कि ग्रामीणों के मुताबिक उनके अस्तित्व, पर्यावरण और जमीन की लड़ाई बन चुका है।
जनसुनवाई में वादों की बारिश, हकीकत में धूल और प्रदूषण का सामना
ग्रामीणों का आरोप है कि पर्यावरणीय जनसुनवाई के दौरान कंपनी प्रबंधन ने स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, लोडिंग का निर्धारित भुगतान करने और गांव के विकास में योगदान देने का भरोसा दिलाया था।ग्रामीणों को उम्मीद थी कि खनन गति विधियों से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और गांव की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि समय बीतने के साथ ये उम्मीदें टूटती चली गईं। उनके अनुसार, स्थानीय लोगों को अपेक्षित रोजगार नहीं मिला और जनसुनवाई में किए गए वादे भी जमीन पर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
रात के अंधेरे में क्रशर का शोर, दिन में खेतों पर धूल की चादर
ग्रामीणों ने क्रशर संचालन को लेकर भी गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं।उनका आरोप है कि रातभर क्रशर चलाया जाता है और धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जाता।परिणामस्वरूप आसपास के इलाकों में धूल फैल रही है, जिसका असर खेतों, फसलों और आम जनजीवन पर पड़ रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि लगातार बढ़ते प्रदूषण से लोगों के स्वास्थ्य और खेती-किसानी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
पत्थरों के धमाकों से कांपते घर, ग्रामीणों के मन में सुरक्षा का डर
खनन क्षेत्र में होने वाली भारी ब्लास्टिंग ग्रामीणों की चिंता का एक और बड़ा कारण है। ग्रामीणों का आरोप है कि अनियंत्रित विस्फोटों के कारण आसपास के घरों में कंपन महसूस होता है और मकानों की दीवारों में दरारें पड़ने का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि यदि ब्लास्टिंग के मानकों की अनदेखी होती रही, तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीण चाहते हैं कि विस्फोटों की तीव्रता, निर्धारित सुरक्षा मानकों और आबादी से खदान की दूरी की तकनीकी जांच कराई जाए।
खनन की सीमा से बाहर गतिविधियां और रैयती जमीन पर कब्जे का आरोप
ग्रामीणों ने कंपनी पर खनन पट्टे की निर्धारित सीमा से बाहर गतिविधियां संचालित करने का भी आरोप लगाया है।उनका दावा है कि लीज क्षेत्र से बाहर पत्थरों का भंडारण किया जा रहा है। इसके अलावा रैयतों की सहमति के बिना निजी जमीन पर बिजली के खंभे लगाए जाने और सरकारी गोचर एवं पतित भूमि पर मिट्टी जमा करने की शिकायत भी की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन केवल संपत्ति नहीं,बल्कि उन की आजीविका और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य है।ऐसे में यदि निजी और सरकारी जमीन का इस्तेमाल नियमों के विरुद्ध किया जा रहा है,तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
विरोध की आवाज दबाने का भी आरोप, ग्रामीणों ने जताई सुरक्षा की चिंता
मामले को लेकर ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर विरोध करने वालों को झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार किए जाने की कोशिश का आरोप भी ज्ञापन में लगाया गया है। हालांकि,इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
डीसी से आर-पार की मांग,जांच तक खदान बंद करने की अपील
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सीताराम मास्की, चुनका किस्को सहित अन्य ग्रामीणों ने उपायुक्त से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों ने खनन विभाग,प्रदूषण नियंत्रण विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर जांच कराने का आग्रह किया है। उनकी प्रमुख मांगों में खनन पट्टे की वास्तविक सीमा की मापी, पर्यावरणीय नियमों के अनुपालन की जांच, ब्लास्टिंग की तीव्रता का तकनीकी परीक्षण, रैयती एवं सरकारी जमीन के इस्तेमाल की जांच तथा स्थानीय रोजगार और भुगतान संबंधी वादों की पड़ताल शामिल है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक खदान एवं क्रशर का संचालन तत्काल बंद कराया जाए। यदि जांच में गंभीर अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं, तो कंपनी का खनन पट्टा रद्द करने की कार्रवाई की जाए।
अब सवाल प्रशासन से है… विकास किसके लिए और किस कीमत पर?
आसंजोला गांव का यह विवाद अब केवल एक खदान या क्रशर के संचालन का मामला नहीं रह गया है।यह रोजगार, पर्यावरण संरक्षण,ग्रामीणों के अधिकार,निजी जमीन की सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा सवाल बन गया है। यदि ग्रामीणों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह खनन गतिविधियों की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा।
विकास का अर्थ केवल जमीन से खनिज निकालना और कारो बार बढ़ाना नहीं हो सकता।विकास तभी सार्थक है, जब उससे स्थानीय लोगों की जिंदगी बेहतर हो, पर्यावरण सुरक्षित रहे और ग्रामीणों के अधिकारों का सम्मान हो। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन ग्रामीणों की शिकायतों पर कितनी गंभीरता से जांच कराता है और आसंजोला के लोगों को धूल, धमाकों और विवादों से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









