बड़ी खबर:Pakur के आसनजोला में खदान-क्रशर विवाद ने लिया नया मोड़, अब रॉय एंड रॉय माइनिंग के समर्थन में उतरे रैयत;डीसी से किया निष्पक्ष जांच की मांग।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धूल नियंत्रण,पेयजल और जमीन समतलीकरण को बताया कंपनी का सकारात्मक कदम;14 अक्टूबर की बैठक में मारपीट की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग

Pakur:जिले के हिरणपुर प्रखंड के आसनजोला गांव में संचालित रॉय एंड रॉय माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के खदान एवं क्रशर प्लांट को लेकर चल रहा विवाद अब एक नया मोड़ ले चुका है। कुछ दिन पहले जहां ग्रामीणों के एक समूह ने कंपनी पर प्रदूषण,भारी ब्लास्टिंग,रोजगार नहीं देने और जमीन के कथित दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए खदान बंद कराने की मांग की थी,वहीं अब गांव के कई रैयत कंपनी के समर्थन में सामने आए हैं।इन रैयतों ने उपायुक्त को सामूहिक हस्ताक्षर युक्त आवेदन सौंपकर कंपनी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताया है। उनका कहना है कि कुछ लोग आपसी मतभेद के कारण ग्रामीणों को गुमराह कर कंपनी का संचालन बंद कराने का प्रयास कर रहे हैं।

क्रशर संचालन और प्रदूषण पर रैयतों ने रखी अपनी बात

उपायुक्त को सौंपे गए आवेदन में ग्रामीणों ने क्रशर संचालन और प्रदूषण को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उनका दावा है कि क्रशर प्लांट पूरे दिन में केवल एक से दो घंटे ही संचालित होता है। धूल पर नियंत्रण रखने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव भी किया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, कंपनी ने गांव में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जलमीनार का निर्माण कराया है, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है।

ब्लास्टिंग को लेकर रैयतों का कहना है कि खदान में विस्फोट का कार्य खनन विभाग के निर्धारित मानकों और तय मात्रा के अनुरूप किया जाता है। उनके अनुसार, इससे किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है। खेतों में मिट्टी भराई को लेकर भी उन्होंने कहा कि यह कार्य संबंधित जमीन मालिकों की मांग और लिखित सहमति के बाद ही कराया गया है।

गोचर और पतित भूमि के समतलीकरण को बताया जनहित का कार्य

ग्रामीणों ने गोचर एवं पतित जमीन के समतलीकरण को लेकर भी अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि संबंधित जमीन पर पहले झाड़ियां और गहरे गड्ढे मौजूद थे, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों के आवागमन में परेशानी होती थी। ग्रामीणों के आग्रह पर कंपनी के मुंशी बड़का किस्कू ने सामाजिक सरोकार के तहत जमीन का समतलीकरण कराया। रैयतों के मुताबिक, इससे आवागमन पहले की तुलना में सुगम हुआ है।

14 अक्टूबर की बैठक में मारपीट का आरोप, पुलिस जांच की मांग

आवेदन में 14 अक्टूबर को गांव में आयोजित बैठक के दौरान हुई कथित मारपीट की घटना का भी उल्लेख किया गया है। रैयतों का आरोप है कि इस बैठक के दौरान ग्राम प्रधान सुशील मरांडी और पारा शिक्षक कॉर्नेलियुस मरांडी के साथ मारपीट की गई, जिसमें दोनों घायल हो गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में लिखित शिकायत और इंज्यूरी रिपोर्ट हिरणपुर थाना एवं पुलिस अधीक्षक को पहले ही सौंपी जा चुकी है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

कंपनी का संचालन बाधित नहीं हो, प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपील

रैयतों ने अपने आवेदन में दावा किया है कि कंपनी के खिलाफ अदालत में कोई मामला लंबित नहीं है और अब तक प्रबंधन का व्यवहार सहयोगात्मक रहा है। आवेदन पर ग्राम प्रधान, पारा शिक्षक, पंचायत मुखिया सहित दर्जनों रैयतों के हस्ताक्षर होने की बात कही गई है।

ग्रामीणों ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि कंपनी के पक्ष और विरोध में सामने आ रहे सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो। उनका कहना है कि यदि कंपनी नियमों के तहत काम कर रही है, तो उसका संचालन बेवजह बाधित नहीं किया जाना चाहिए।

एक ही गांव, दो अलग-अलग पक्ष और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

आसनजोला का खदान-क्रशर विवाद अब केवल रोजगार और प्रदूषण तक सीमित नहीं रह गया है। एक ओर कुछ ग्रामीण कंपनी पर गंभीर आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी ओर कई रैयत कंपनी के समर्थन में उतरकर आरोपों को गलत बता रहे हैं। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष प्रशासनिक जांच बेहद महत्वपूर्ण हो गई है।

अब निगाहें जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। जरूरत इस बात की है कि ग्रामीणों की शिकायतों, कंपनी के पक्ष और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच हो, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR,JHARKHAND

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें