बड़ी खबर:23 बोरी अवैध केंदू पत्ते के साथ टेम्पो जब्त,पश्चिम बंगाल के चार तस्कर गिरफ्तार;न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दुमका-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, छोटा पहाड़पुर पेट्रोल पंप के समीप रात्रि गश्ती के दौरान पकड़ा गया वाहन

Pakur:जिले में वन संपदा की अवैध तस्करी के खिलाफ पाकुड़ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केंदू पत्ते की तस्करी का खुलासा किया है।गुप्त सूचना के आधार पर रात्रि गश्ती के दौरान वन विभाग की टीम ने दुमका-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर छोटा पहाड़पुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप 23 बोरी अवैध केंदू पत्ते से लदे एक टेम्पो को जब्त किया। इस कार्रवाई में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को प्राथमिकी दर्ज करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

रात 11:30 बजे हुई कार्रवाई, वाहन में लदी मिली 23 बोरी केंदू पत्ती

पाकुड़ वन प्रमंडल से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे वन विभाग की टीम दुमका-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर नियमित गश्ती कर रही थी। इसी दौरान छोटा पहाड़पुर पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध टेम्पो (WB93C-8883) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में 23 भक्कू (बोरे) केंदू पत्ते लदे मिले।

तलाशी में बरामद केंदू पत्तों पर वन विभाग की कोई आधिकारिक मुहर या पहचान चिह्न नहीं पाया गया। वहीं, वाहन में मौजूद लोगों के पास पत्तों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी नहीं थे। इसके बाद वन विभाग की टीम ने वन अधिनियम की धारा 52 के तहत वाहन और केंदू पत्तों को जब्त कर अमड़ापाड़ा वन प्रक्षेत्र कार्यालय पहुंचाया।

मुर्शिदाबाद के चार आरोपी गिरफ्तार

वन विभाग की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जामीरूल शेख (50), सिटू शेख (30), रेंटू शेख (40) और अब्दुल बहाब (36) के रूप में हुई है। इनमें जामीरूल शेख टेम्पो का चालक बताया गया है, जबकि अब्दुल बहाब को केंदू पत्तों का मालिक बताया गया है। तीनों आरोपी जामीरूल शेख, सिटू शेख और रेंटू शेख नतुन हिजल ताला, रतनपुर, थाना शमशेरगंज के निवासी हैं। वहीं, अब्दुल बहाब सातघोरिया, थाना शमशेरगंज, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है।

वन कानून के तहत प्राथमिकी, सभी आरोपियों को भेजा गया जेल

इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों के विरुद्ध बिहार केंदू पत्ती (व्यापार-नियंत्रण) अधिनियम, 1973 तथा भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

डीएफओ के मार्गदर्शन में चला अभियान

पूरी कार्रवाई पाकुड़ वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) सौरव चन्द्रा के मार्गदर्शन तथा अमड़ापाड़ा वन क्षेत्र पदाधिकारी बबलू कुमार देहरी के नेतृत्व में की गई। अभियान दल में वनरक्षी सुनील कुमार साहा, संजीव कर्मकार तथा गृह रक्षक जवान अनूप, निलेन्दु, बैद्यनाथ यादव समेत अन्य वनकर्मी शामिल थे।

वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध वन उपज के परिवहन पर निगरानी के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। विभाग की जांच में अब यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि जब्त केंदू पत्ते कहां से लाए गए थे और इनके परिवहन के पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें