महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता,मेले में किसी भी अप्रिय घटना पर आयोजकों की जवाबदेही तय करने की मांग
Sahibganj:भारत दिशोम आदिवासी संघ के साहिबगंज जिला अध्यक्ष मुकेश सोरेन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित आदिवासी मेलों एवं फुटबॉल प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने मेला आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए साहिबगंज जिले में रात्रि मेला आयोजित नहीं करने की अपील की।
मुकेश सोरेन ने कहा कि मेले हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं,लेकिन इनके आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।विशेष रूप से महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि यदि मेले के दौरान दुष्कर्म,हत्या, छेड़छाड़ अथवा अन्य किसी प्रकार की गंभीर आपराधिक घटना घटित होती है, तो संबंधित मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं सचिव की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। ऐसी घटनाओं में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने सभी मेला आयोजकों से अपील की कि वे मेले का आयोजन शांतिपूर्ण,अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण में करें। साथ ही पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी महिला,बच्ची या आम नागरिक को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मुकेश सोरेन ने स्पष्ट किया कि मनोरंजन और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है।









