राजमहल के लोकप्रिय विधायक एमटी राजा ने खड़दंग मैदान में बैठक कर कार्यकर्ताओं को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Sahibganj:झारखंड की स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाले समारोह की सफलता को लेकर रविवार को खड़दंग मैदान में झामुमो प्रखंड कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा शामिल हुए।
बैठक के दौरान स्थापना दिवस समारोह को भव्य रूप देने और आयोजन की तैयारियों को अंतिम स्वरूप प्रदान करने को लेकर स्थानीय आयोजन कमेटी एवं झामुमो प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विधायक एमटी राजा ने आयोजन की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल, समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस राज्य की पहचान, संघर्ष और गौरव का प्रतीक है।वहीं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हमें उनके त्याग, बलिदान और जल-जंगल- और जमीन की रक्षा के संघर्ष की याद दिलाती है। ऐसे ऐतिहासिक अवसर को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को खड़दंग मैदान में झारखंड स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन भी किया जाता है। इस मेले में स्थानीय क्षेत्र के अलावा आसपास के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और उत्सव का आनंद लेते हैं।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अय्यूब अली, केंद्रीय समिति सदस्य एखलाकुर रहमान, प्रखंड प्रमुख स्टेनशिला सोरेन,सकल हेंब्रम,जैनुल आब्दीन, यासीन शेख,बादल आलम,काजू मल्लिक,हारून रशीद,मुस्तफा शेख,बबलू सोरेन सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









