समीर उरांव बोले– आदिवासी समाज की आवाज उठाने वालों की लगातार हो रही मौतें चिंताजनक, 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद का ऐलान
Ranchi:आदिवासी बेटी एवं सामाजिक कार्यकर्ता दिव्यांगत निशा भगत की आत्महत्या मामले में न्याय की मांग को लेकर भाजपा ने रांची में मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर जिला के तत्वावधान में आयोजित इस जुलूस का नेतृत्व एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता समीर उरांव ने किया। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू हुआ मशाल जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। हाथों में जलती मशालें, पार्टी के झंडे और मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने निशा भगत को न्याय दिलाने, मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की। अल्बर्ट एक्का चौक पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राज्य सरकार से मामले में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
इस दौरान समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत आदिवासी समाज के अधिकारों, अस्मिता, संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाली सामाजिक कार्यकर्ता थीं। वह धर्मांतरण, आदिवासी जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और जमीन दलालों के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही थीं। उन्होंने अपनी सुरक्षा और उत्पीड़न को लेकर भी सार्वजनिक रूप से चिंता जताई थी। इसके बावजूद उनकी शिकायतों पर समय रहते गंभीर कार्रवाई हुई या नहीं, यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि निशा भगत की मौत को सामान्य घटना मानकर मामले की अनदेखी नहीं की जा सकती। परिजनों के आरोपों, अंतिम वीडियो, पूर्व में की गई शिकायतों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। परिवार और समाज की शंकाओं को दूर करने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है। जब तक सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को सजा नहीं मिलती, भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।
पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने कहा कि झारखंड में आदिवासी बेटियों से जुड़ी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। संध्या टोप्पो, रूपा तिर्की, सूर्या हांसदा और सोमा उरांव से जुड़े मामलों ने भी आदिवासी समाज के बीच कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि निशा भगत भी आदिवासी समाज की जमीन, संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही थीं। उनकी मौत से जुड़े तमाम सवालों का जवाब सामने आना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों और अस्मिता की रक्षा का दावा करने वाली सरकार को इस मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए। सामाजिक कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा ने घोषणा की कि निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आगामी 18 नवंबर को पूरे दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में बंद कराया जाएगा।
मशाल जुलूस में अशोक बड़ाईक, पिंकू खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की, नकुल तिर्की, प्रदीप लकड़ा, बिरसा पाहन, सीमा सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, मनोज मिश्रा, सीमा शर्मा, सूरज चौरसिया, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, बीना मिश्रा, अर्चना सिंह, संकेत तिवारी, नीरज चौधरी, निशि जायसवाल, ऊषा पांडेय, कुंदन सिंह, अमित यादव, तरुण जायसवाल, वरुण तिवारी, पिंटू सिंह, आशीष जायसवाल, अविचल सिंह, विशाल साहू, सुप्रिया दुबे, नीलम चौधरी, राम मनोज साहू एवं चंदन सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









