Pakur:हटिया की राह में मौत बनकर आया ईंट लदा ट्रक,53 वर्षीय जनमजय ठाकुर की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

घर में इंतजार,सड़क पर मातम, ट्रक हादसे ने परिवार को दिया जिंदगी भर का गम!

Pakur:जिले में हिरणपुर थाना क्षेत्र के डांगापाड़ा में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 53 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई,ईंट लदे ट्रक की चपेट में आने से कदमटोला निवासी जनमजय ठाकुर की मौत हो गई।हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार,जनमजय ठाकुर मंगलवार को अपने गांव कदमटोला से डांगापाड़ा हटिया करने के लिए निकले थे। इसी दौरान हिरणपुर-शहरगांव मुख्य सड़क पर वह ईंट लदे ट्रक की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी गंभीर थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौत हो गई। रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर हटिया निकले जनमजय ठाकुर को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।घटना की सूचना हिरणपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की वहीं हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया इसके कारण हिरणपुर-शहरगांव मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। सड़क जाम की सूचना पर पुलिस लोगों को समझाने और स्थिति सामान्य कराने में जुट गई।

उधर,जनमजय ठाकुर की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। घर से हटिया करने निकले व्यक्ति के वापस नहीं लौटने की खबर ने परिजनों को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया।परिवार के सदस्यों का रो- रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच भी इस घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।

इस हादसे ने एक बार फिर हिरणपुर क्षेत्र में मुख्य सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। एक सड़क हादसे ने परिवार से उसका सदस्य छीन लिया और घर में इंतजार करती आंखों को हमेशा के लिए आंसुओं में डुबो दिया।

REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें