Sahibganj:नाले पर मिट्टी का पहरा, किसानों के सामने संकट गहरा,अंचल अधिकारी पहुंचे,अब कार्रवाई का इंतजार।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरकारी नाले पर अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे अंचल अधिकारी; दोषियों पर कार्रवाई के संकेत

Sahibganj:जिले के बरहरवा प्रखंड की पलाशबोना पंचायत अंतर्गत पलाशबोना गांव में सरकारी नाले को मिट्टी से भरकर कथित रूप से अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। इससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था और मवेशियों के लिए पानी की उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी अनुज कुमार को लिखित आवेदन सौंपकर सरकारी नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, पलाशबोना मौजा के पूर्वी हिस्से से रेलवे सड़क तक एक सरकारी नाला स्थित है।इस नाले का उपयोग आसपास के किसान खेती-बाड़ी के लिए सिंचाई में करते हैं। वहीं, गांव के मवेशियों के लिए भी यह नाला पानी का महत्वपूर्ण स्रोत है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा नाले में मिट्टी भरकर उसके प्राकृतिक स्वरूप को समाप्त करने और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आने वाले दिनों में किसानों को सिंचाई के लिए परेशानी उठानी पड़ सकती है।साथ ही मवेशियों के सामने भी पानी का संकट खड़ा हो सकता है।

इधर शिकायत मिलने के बाद अंचल अधिकारी अनुज कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा अथवा उसके स्वरूप से छेड़छाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी नाले में की गई मिट्टी भराई की जांच कराई जाए और नाले को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि किसानों की सिंचाई व्यवस्था और ग्रामीणों के जलस्रोत को सुरक्षित रखा जा सके।

अब निगाहें अंचल प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि निरीक्षण के बाद सरकारी नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन कब तक ठोस कदम उठाता है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHARWA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें