Lohardaga:न्याय की आवाज अब दिल्ली तक पहुंची,निशा भगत की संदिग्ध मौत पर जनजाति आयोग सख्त!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आशा लकड़ा ने कहा—संबंधित विभाग से मांगी जाएगी जांच रिपोर्ट,निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठी मांग

Lohardaga:राज्य के प्रखर आदिवासी नेत्री निशा भगत की असामयिक और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है।उनकी मौत को लेकर उठ रहे सवालों और लगातार तेज हो रही निष्पक्ष जांच की मांग के बीच राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है।आयोग के हस्तक्षेप के बाद अब इस प्रकरण में प्रशासनिक और पुलिस महकमे की भूमिका पर भी नजरें टिक गई हैं।

लोहरदगा पहुंचीं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा ने निशा भगत के निधन को अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति बताया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि निशा भगत आदिवासी समाज की एक उभरती हुई मुखर आवाज थीं। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा होना बेहद जरूरी है।

आशा लकड़ा ने कहा कि आयोग पूरे मामले को गंभीरता से देख रहा है। संबंधित विभागों से नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसके साथ ही जिम्मेदार प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से मामले की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी जाएगी, ताकि जांच की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और सच्चाई तक पहुंचने में किसी तरह की बाधा न रहे।

न्याय की मांग पर एकजुट हो रहा आदिवासी समाज

निशा भगत की मौत के बाद से ही स्थानीय आदिवासी समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इस मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सके। समाज के लोगों ने न्याय मिलने तक अपनी आवाज बुलंद रखने की बात कही है।

आयोग के संज्ञान से बढ़ा प्रशासनिक दबाव

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की ओर से मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद अब इस प्रकरण ने नई दिशा पकड़ ली है। आयोग द्वारा जांच की प्रगति रिपोर्ट मांगे जाने की बात से प्रशासन पर भी मामले को गंभीरता से लेने का दबाव बढ़ गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और निशा भगत की मौत से जुड़े अनसुलझे सवालों का जवाब कब तक मिलता है।

फिलहाल आदिवासी समाज की एक ही मांग है— निशा भगत की मौत की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई सामने आए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|LOHARDAGA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें