बभनगामा से तालझारी तक शराब की बोतलों को लेकर उठे सवाल, लेबल और बारकोड में अंतर के दावे से उपभोक्ताओं में चिंता; उत्पाद विभाग की जांच पर टिकी निगाहें
Sahibganj:यदि आप साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ और तालझारी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और सरकारी अनुज्ञप्ति प्राप्त शराब दुकानों से ब्रांडेड शराब खरीदकर पीते हैं तो थोड़ी सावधानी जरूर बरतें।शराब की बोतल पर ब्रांड का नाम देखकर ही उसकी गुणवत्ता को लेकर निश्चिंत होना उचित नहीं है। इन दिनों बभनगामा स्थित शराब दुकान में जेमसन (Jameson) ब्रांड की दो बोतलों के लेबल, छपाई और बारकोड में अंतर होने के दावे के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
मामला बभनगामा के सुभाष चौक मोड़ के पास संचालित शराब की कंपोजिट दुकान से सामने आया। यहां जेमसन ब्रांड की दो बोतलों का मिलान करने पर लोगों ने उनके लेबल,बारकोड और अन्य विवरणों में अंतर होने का दावा किया।इसके बाद उप भोक्ताओं ने दुकान पर विरोध जताते हुए उत्पाद विभाग से जांच कराने की मांग की।
मामले ने तब और चर्चा पकड़ ली जब दुकान पर मौजूद दुकान दार ने संबंधित शराब अपनी दुकान से नहीं खरीदे जाने की बात कही।वहीं, विरोध कर रहे लोगों ने दावा किया कि शराब इसी दुकान से खरीदी गई है। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस की स्थिति बनी।
बभनगामा के बाद तालझारी तक क्यों पहुंची चर्चा!
बभनगामा में बोतलों की पहचान को लेकर उठे सवालों के बाद अब तीनपहाड़ और तालझारी क्षेत्र में भी शराब की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर चर्चा होने लगी है।उपभोक्ता जानना चाहते हैं कि सरकारी अनुज्ञप्ति प्राप्त दुकानों में बिकने वाली ब्रांडेड शराब की गुणवत्ता और वास्तविकता की जांच आखिर कौन करता है!
हालांकि,फिलहाल तालझारी की किसी अन्य शराब दुकान में भी ऐसी ही गड़बड़ी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए बिना जांच किसी दुकान या विक्रेता पर आरोप लगाना उचित नहीं होगा।
उत्पाद विभाग से जांच कर अविलंब करवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग से दोनों बोतलों की सील, बैच नंबर, बारकोड, लेबल और सुरक्षा चिह्नों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही शराब की आपूर्ति के स्रोत और संबंधित बैच की गुणवत्ता की भी जांच होनी चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल: उपभोक्ताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी!
शराब की खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं के मन में अब कई सवाल हैं।यदि एक ही ब्रांड की दो बोतलों की पैकेजिंग में अंतर दिखाई देता है तो इसकी वास्तविक वजह क्या है!क्या यह कंपनी की पैकेजिंग से जुड़ा अंतर है या आपूर्ति व्यवस्था में कोई अनियमितता है!
फिलहाल शराब के नकली होने की पुष्टि नहीं हुई है।इसके लिए विभागीय जांच और आवश्यक प्रयोगशाला परीक्षण जरूरी है। अब देखना यह है कि उत्पाद विभाग मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और बभनगामा से उठे सवालों का जवाब कब सामने आता है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TALJHARI









