Giridih:राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर डीसी सख्त,90 दिनों से लंबित म्यूटेशन मामलों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वीसी के माध्यम से राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के कार्यों की समीक्षा,भूमि हस्तांतरण,सीमांकन और ऑनलाइन न्यायालयीन आदेशों के निष्पादन पर दिया जोर

Giridih:जिले में राजस्व से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन और सरकारी योजनाओं को गति देने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं, लंबित आवेदनों और आपदा राहत प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की।इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम लोगों से जुड़े राजस्व मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा बैठक में अंतरविभागीय भूमि हस्तांतरण, म्यूटेशन, म्यूटेशन अपील, भूमि सीमांकन, किराया संग्रह, परिशोधन, पीजी पोर्टल, सीपीजीआरएएमएस और ई-राजस्व न्यायालय (आरसीएमएस) समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने लंबित आवेदनों की संख्या और उनके निष्पादन की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

90 दिनों से लंबित म्यूटेशन मामलों पर विशेष फोकस

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि म्यूटेशन से संबंधित सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।विशेष रूप से 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथ मिकता के आधार पर निपटाने को कहा।इसके लिए आवश्य कता पड़ने पर विशेष शिविर आयोजित कर आवेदकों की समस्याओं का समाधान करने और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

भूमि हस्तांतरण में तेजी लाने का निर्देश

बैठक में भारत सरकार एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों को भूमि हस्तांतरण से संबंधित लंबित मामलों की अंचलवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया लंबित है, वहां सरकारी भूमि का चिह्नितकरण कर आवश्यक प्रस्ताव अविलंब उपलब्ध कराएं। उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित भूमि के म्यूटेशन की प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा, ताकि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

अदालती मामलों और आदेशों को ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य

उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपनी अदालती कार्रवाई नियमित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही वाद सूची और पारित आदेशों को नियमित रूप से ऑनलाइन अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि मामलों की पारदर्शिता बनी रहे और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

शिकायतों के समयबद्ध निवारण पर जोर

बैठक के दौरान पीजी पोर्टल एवं सीपीजीआरएएमएस सहित विभिन्न शिकायत निवारण माध्यमों से प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में आपदा राहत से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा।

इस समीक्षा बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचलाधिकारी, जिला अवर निबंधक, सभी अवर निबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|GIRIDIH

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें