38 वाहनों की हुई जांच,बिना हेल मेट और यातायात नियमों की अन देखी करने वालों पर कार्रवाई; चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
Sahibganj:जिले में सड़क पर लापरवाही अब वाहन चालकों को महंगी पड़ सकती है।सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बोरियो थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 38 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 वाहनों के विरुद्ध चालान काटते हुए 37,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आइंद के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में दोपहिया, चारपहिया सहित विभिन्न प्रकार के वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी गई।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा से जुड़ी सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें और तेज रफ्तार, लापरवाही तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने जैसी गलतियों से बचें।
इस वाहन जांच अभियान में मोटरयान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष, बोरियो थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, आईटी सहायक राजहंस, अभिषेक मुंडा सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









