पीएम आवास,अबुआ आवास और बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन की प्रखंडवार समीक्षा, लापरवाही मिलने पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
Giridih:जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रिया न्वयन और लंबित कार्यों को गति देने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में ग्रामीण विकास विभाग के अंत र्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी एक माह के भीतर योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में VB-GRAM-G (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आवास प्लस-2024, बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन और अबुआ आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं गांवों में रहने वाले परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए इनका पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
VB-GRAM-G के कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश
VB-GRAM-G के तहत जॉब कार्ड सत्यापन एवं अद्यतीकरण, पात्र परिवारों का पंजीकरण, लंबित ई-केवाईसी, सृजित परिसंपत्तियों की जियो टैगिंग और एमआईएस पोर्टल पर आंकड़ों की प्रविष्टि की प्रखंडवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र परिवारों के जॉब कार्ड का सत्यापन निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही लंबित ई-केवाईसी का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने और सभी परिसंपत्तियों की जियो टैगिंग के साथ ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं से संबंधित अभिलेख एवं ऑनलाइन आंकड़े नियमित रूप से अद्यतन रखें, ताकि योजनाओं की वास्तविक प्रगति पर प्रभावी निगरानी की जा सके।
किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर
बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध कराई गई राशि का पारदर्शी और उद्देश्यपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। सिंचाई कूप निर्माण के कार्यों में तेजी लाकर अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिससे कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके और किसानों को लाभ पहुंचे।
पीएम आवास और अबुआ आवास निर्माण में तेजी लाने का निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आवास प्लस-2024 और वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के आवास निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्वीकृत आवासों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योग्य लाभुकों को आवास निर्माण की किस्तों का भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। निर्माण के प्रत्येक चरण की जियो टैगिंग भी निर्धारित समय पर पूरी की जाए।
वहीं, अबुआ आवास योजना 2023-24 के अंतर्गत लंबित जियो टैगिंग के मामलों पर उपायुक्त ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।
केवल कागजी आंकड़े नहीं, धरातल पर दिखना चाहिए काम
उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों में योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल पोर्टल पर आंकड़े अपडेट करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से ग्रामीण परिवारों तक पहुंचना चाहिए। कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी,वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी,जिला परियोजना पदाधिकारी (मनरेगा),जिला समन्वयक (पीएम आवास), सभी बीपीओ,रोजगार सेवक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|GIRIDIH









