साहिबगंज महाविद्यालय की एनसी सी इकाई ने गंगा घाट पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान,कैडेटों ने ली गंगा संरक्षण की शपथ;नौका विहार के दौरान डॉल्फिन देखकर उत्साहित हुए कैडेट
Sahibganj:जिले के लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मां गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से साहिबगंज महाविद्यालय की एनसीसी इकाई की ओर से गुरुवार को गंगा घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।इस दौरान गंगा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छ गंगा, स्वस्थ पर्यावरण और जलीय जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से लोगों से छठ महापर्व पर आस्था के साथ स्वच्छता को भी अपनी जिम्मेदारी बनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने जिलेवासियों, छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि मां गंगा के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धा केवल पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। इसके साथ ही यह असंख्य जलीय जीव-जंतुओं का प्राकृतिक आश्रय भी है। इसलिए गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का धार्मिक, सामाजिक और नैतिक दायित्व है।
डॉ. सिंह ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सूर्य उपासना का अनुपम पर्व है। ऐसे पावन अवसर पर हमें धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए। पूजा के बाद फूल-माला, प्लास्टिक, कपड़े और अन्य पूजन सामग्रियों को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूजन सामग्री नदी में डालकर उसे प्रदूषित करना भक्ति नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी से विमुख होना है। मां गंगा को प्रदूषण मुक्त रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान है।
गंगा घाट की स्वच्छता बनाए रखने की अपील
प्राचार्य ने श्रद्धालुओं से छठ पूजा के दौरान घाटों की साफ- सफाई का विशेष ध्यान रखने,सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा नदी में कूड़ा-कचरा एवं पूजन सामग्री नहीं डालने की अपील की।उन्होंने युवाओं से भी आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें तथा समाज में जागरूकता फैलाएं।
उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है,बल्कि जलीय जीवों के अस्तित्व,पर्यावरण संतु लन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ी हुई है। गंगा स्वच्छ और निर्मल रहेगी,तभी इसमें रहने वाले जलीय जीवों का जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा।
स्नान से पहले 20 से 25 मिनट श्रमदान करने की अपील
डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने जिलेवासियों से विशेष आग्रह किया कि इस छठ महापर्व पर गंगा स्नान करने से पहले कम से कम 20 से 25 मिनट का समय निकालकर घाटों की सफाई में श्रमदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक श्रद्धालु स्वच्छता की जिम्मेदारी समझते हुए थोड़ा-सा योगदान दे, तो गंगा घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है। स्वच्छता का यह संदेश केवल छठ पूजा तक सीमित न रहकर पूरे वर्ष लोगों के व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए।
एनसीसी कैडेटों ने ली स्वच्छ गंगा की शपथ, नौका विहार में दिखी डॉल्फिन
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों ने स्वच्छ गंगा और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण की।जिला प्रशासन एवं नगर परिषद के सहयोग से आयोजित स्वच्छता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इसके बाद मनोज कुमार मंडल के सहयोग से एनसीसी कैडेटों ने गंगा नदी में नौका विहार भी किया।इस दौरान नदी में डॉल्फिन को अठखेलियां करते देखकर कैडेटों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।डॉल्फिन की मौजूदगी ने कैडेटों को गंगा की जलीय जैव विविधता और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के महत्व से रूबरू कराया।इससे नदी को प्रदूषण मुक्त रखने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने की आवश्यकता भी सामने आई।
कार्यक्रम में एक्स सीनियर अंडर ऑफिसर शंकर कुमार यादव, कैडेट शिवांक यादव,सोनू कुमार,आदित्य कुमार गोंड,सुशांत कुमार,नंदनी कुमारी,कल्पना कुमारी,उर्मिला कुमारी,कनकलता कुमारी सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।
संदेश:मां गंगा निर्मल रहें,जलीय जीव सुरक्षित रहें और पर्या वरण स्वस्थ रहे,यह केवल एक नारा नहीं,बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









