कन्हाई पोखर में उमड़ा आस्था का सैलाब,अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी सुख-समृद्धि
Sahibganj:जिले के बरहरवा प्रखंड क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कन्हाई पोखर में रविवार को लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने पोखर के पवित्र जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया।
छठ पूजा को लेकर सुबह से ही कन्हाई पोखर में तैयारियों और चहल-पहल का माहौल रहा।शाम होते ही व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में फल, फूल, ठेकुआ और पूजन सामग्री से सजे सूप एवं दउरा लेकर घाट पहुंचीं। निर्धारित पूजा-विधि के अनुसार व्रतियों ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा पोखर परिसर भक्तिमय हो उठा। घाट पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हर कोई भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना में लीन नजर आया।
पहले अर्घ्य के साथ ही कन्हाई पोखर में छठ महापर्व की रौनक और बढ़ गई। अब सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व का विधिवत समापन होगा।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|BARHARWA









