Tata Jamshedpurटाटा मोटर्स के गेट पर झामुमो का प्रदर्शन,मुआवजे और नौकरी की मांग तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत पर जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने जताया आक्रोश, कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग

Tata Jamshedpur:टाटा मोटर्स कंपनी में कार्य के दौरान दुर्घटना का शिकार हुए स्थायी कर्मचारी सुबोध पात्रो की इलाज के दौरान मौत के बाद मुआवजे और नौकरी को लेकर विवाद गहरा गया है। मृतक के परिजन पिछले तीन दिनों से उचित मुआवजे और एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर कंपनी गेट पर धरना दे रहे हैं। बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला कमेटी ने भी परिजनों के समर्थन में कंपनी गेट जाम कर दिया। इससे कंपनी में आवाजाही प्रभावित हुई।

दरअसल, टाटा मोटर्स में कार्यरत स्थायी कर्मचारी सुबोध पात्रो कुछ दिन पहले कंपनी परिसर में काम करने के दौरान दुर्घटना के शिकार हो गए थे। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजन कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजे के साथ मृतक के एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।

इसी मांग को लेकर परिजन लगातार तीन दिनों से कंपनी गेट पर धरना दे रहे हैं। बुधवार को झामुमो जिला कमेटी ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कंपनी गेट जाम कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि सुबोध पात्रो के परिवार के साथ पार्टी पूरी मजबूती से खड़ी है। एक श्रमिक की कार्यस्थल पर दुर्घटना में मौत होना बेहद गंभीर मामला है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मृतक के एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने तथा उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच कराते हुए लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कंपनी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, झामुमो उनके संघर्ष में साथ खड़ा रहेगा।

विक्टर सोरेन ने बताया कि मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। वार्ता विफल होने के बाद गेट जाम कर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।

वहीं, मृतक के पुत्र सहदेव पात्रो ने बताया कि कंपनी प्रबंधन उनके पिता की जमा पूंजी के रूप में करीब 70 लाख रुपये देने की बात कह रहा है, लेकिन परिवार की मुख्य मांग मृतक के एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने की है। उनका कहना है कि परिवार के भविष्य और आर्थिक सुरक्षा को देखते हुए नौकरी की मांग पर प्रबंधन को सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।फिलहाल मुआवजे और स्थायी नौकरी को लेकर परिजन तथा झामुमो कार्यकर्ता आंदोलनरत हैं। अब सबकी निगाहें कंपनी प्रबंधन के अगले कदम पर टिकी हैं।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TATA JAMSHEDPUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें