Ranchi:जिसने दर्द को आवाज दी, वही पुलिस के निशाने पर आया,पीड़िता को इंसाफ कब मिलेगा,जवाब कौन देगा!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीड़िता के बयान पर खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती को कथित तौर पर बनाया जा रहा निशाना,बिना सर्च वारंट कार्रवाई का आरोप; पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

Ranchi:झारखंड में नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा और कानून -व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गम्हरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग आदिवासी बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद अब इस प्रकरण से जुड़ी खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के मीडिया संस्थान ‘द भारतमित्र न्यूज’ पर पुलिस की कथित कार्रवाई ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।

मामले को लेकर आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने बिना सर्च वारंट मीडिया संस्थान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि पत्रकार अभिषेक भारती ने पीड़िता के बयान के आधार पर घटना से संबंधित खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इस कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति क्या है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस ने अब तक क्या कदम उठाए हैं! वहीं, पीड़िता ने पुलिस के बजाय पत्रकार के समक्ष अपनी पीड़ा क्यों रखी, यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस घटनाक्रम को लेकर पत्रकारिता जगत में भी चिंता जताई जा रही है। सवाल उठाया जा रहा है कि यदि किसी पत्रकार ने पीड़िता के बयान के आधार पर जनहित से जुड़ी खबर प्रकाशित की है, तो उस खबर की निष्पक्ष जांच करने के बजाय पत्रकार को ही कार्रवाई के दायरे में लाने की आवश्यकता क्यों पड़ी?

गौरतलब है कि अभिषेक भारती इससे पहले जेपीएससी-जेएस एससी नियुक्ति से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामलों में खोजी पत्रकारिता को लेकर भी चर्चा में रहे हैं।आरोप लगाया जा रहा है कि उनकी पूर्व की खबरों और खुलासों के कारण भी उन्हें निशाना बनाया जा सकता है।हालांकि इस कथित प्रतिशोध के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

इधर राजधानी रांची में भी नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की खबरों ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना जाता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता और पीड़ितों की आवाज को सामने लाने की स्वतंत्रता बेहद महत्वपूर्ण है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन नाबालिग से जुड़े मामले में क्या कार्रवाई करता है और पत्रकार के संस्थान पर हुई कथित कार्रवाई को लेकर क्या स्पष्टीकरण देता है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें