Nawada:घर से 200 मीटर दूर मौत ने रोका रास्ता,पत्नी से कहा था-‘जल्द लौटूंगा’अब कभी नहीं लौटेंगे सूरजभान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नवादा में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत,परिवार का बुझ गया सहारा; धेवधा कॉलेज में डाटा ऑपरेटर के पद पर थे कार्यरत

Nawada:कभी-कभी जिंदगी की सबसे दर्दनाक विदाई वह होती है,जिसमें जाने वाला लौटने का वादा करके घर से निक लता है,लेकिन उसकी राह हमेशा के लिए थम जाती है।कुछ ऐसा ही दर्दनाक मंजर बिहार के नवादा में देखने को मिला, जहां मंगलवार को सड़क हादसे में करीब 36 वर्षीय कुमार सूरजभान उर्फ मुखिया जी की मौत हो गई। घर से महज 200 मीटर की दूरी पर हुए इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।

जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के विजय बाजार में सूरज भान अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और सब्जी मंडी के समीप एक पिलर से जा टकराई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक न्यू एरिया मोहल्ले के निवासी थे और धेवधा कॉलेज में डाटा ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। वह परिवार के बड़े बेटे थे और घर की जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा उनके कंधों पर था। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस हादसे की सबसे मार्मिक बात यह है कि घर से निकलते वक्त उन्होंने अपनी पत्नी से कहा था कि थोड़ी देर में वापस लौट आएंगे। पत्नी को क्या पता था कि उनका यह इंतजार जिंदगी भर का इंतजार बन जाएगा।घर से चंद कदमों की दूरी पर मौत ने ऐसा झपट्टा मारा कि परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में बाइक अनियंत्रित होकर तेज गति से जाती दिखाई दे रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|NAWADA,BIHAR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें