Ranchi:आरोपों पर सियासी संग्राम तेज,लोकभवन के सामने गरजी भाजपा; निशा भगत प्रकरण से पत्रकार पर केस तक सरकार को घेरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नाबालिग के कथित शोषण और पत्रकार के खिलाफ फर्जी मुकदमे का लगाया आरोप, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग; राज्यपाल से मिलेगा भाजपा प्रतिनिधिमंडल

Ranchi:झारखंड की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्या रोप का दौर तेज हो गया है। विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा ने मंगलवार को रांची स्थित लोकभवन के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निशा भगत प्रकरण, सिमडेगा विधायक पर नाबालिग युवती के कथित शोषण के आरोप तथा पत्रकार के खिलाफ कथित फर्जी मुकदमा दर्ज किए जाने के मामले को लेकर जोरदार विरोध जताया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही आरोपों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा नेताओं का आरोप है कि राज्य में पत्रकारों की आवाज दबाने के लिए कथित तौर पर फर्जी मुकदमों का सहारा लिया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

भाजपा ने इन मामलों को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा है। पार्टी का कहना है कि नाबालिग से जुड़े संवेदनशील आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पत्रकारों को बिना किसी दबाव के अपना दायित्व निभाने का अवसर मिलना चाहिए।

इन्हीं मांगों को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल पूरे मामले से राज्यपाल को अवगत कराते हुए हस्तक्षेप करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की मांग रखेगा।

भाजपा के इस धरना-प्रदर्शन से निशा भगत प्रकरण, सिमडेगा विधायक से जुड़े आरोप और पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर झारखंड की सियासत के केंद्र में आ गया है।

REPORTER|VIJAY THAKUR|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें