राजमहल विधायक एमटी राजा ने किया भव्य आतिशबाजी कार्यक्रम का उद्घाटन,छठ पूजा समिति के आयोजन की अतिथियों ने की सराहना
Sahibganj:लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सूर्यदेव घाट में छठ पूजा समिति की ओर से भव्य आतिश बाजी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।रंग-बिरंगी आतिश बाजी से आसमान देर तक रोशनी से जगमगाता रहा।आकर्षक नजारे को देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।
कार्यक्रम का उद्घाटन राजमहल विधायक मो.ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा,विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो.मारूफ उर्फ गुड्डू,अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, समाजसेवी उज्ज्वल मंडल एवं प्रदीप प्रमाणिक ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने आतिशबाजी का शुभारंभ कर समिति के इस आयोजन की सराहना की।
आतिशबाजी शुरू होते ही पूरा घाट उत्साह और उल्लास से गूंज उठा। आसमान में एक के बाद एक रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक आतिशबाजी के नजारे ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, बच्चे, युवा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग पहुंचे। कई लोग इस खूबसूरत पल को अपने मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए।
इस अवसर पर विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और लोक संस्कृति का प्रतीक है। यह पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। सूर्यदेव घाट छठ पूजा समिति की ओर से आयोजित आतिशबाजी कार्यक्रम ने पर्व की खुशियों को दोगुना कर दिया है। उन्होंने समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं। साथ ही उन्होंने सभी छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
छठ महापर्व के उल्लास के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने सूर्यदेव घाट के माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। पारंपरिक आस्था के साथ आतिशबाजी के रंगीन नजारों ने लोगों की खुशियों में चार चांद लगा दिए। मौके पर देव दत्ता, डॉ. ओमजय कुमार, बिट्टू शर्मा सहित समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









