Ranchi:पत्रकारिता की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं,सवालों का जवाब दे सरकार:देवेन्द्र नाथ महतो

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पत्रकार अभिषेक भारती प्रकरण पर JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष ने जताई चिंता,कहा- जनप्रतिनिधि जनता के सवालों से बड़ा नहीं,संविधान से ऊपर सत्ता नहीं

Ranchi:राँची के चर्चित पत्रकार अभिषेक भारती से जुड़े मामले को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JL KM) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष दिशुम वीर बाबू देवेन्द्र नाथ महतो ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पत्रकारिता की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता चौथा स्तंभ है और पत्रकारों का दायित्व सत्ता एवं व्यवस्था से सवाल पूछना तथा जनहित के मुद्दों को जनता के सामने लाना है। पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार का अंकुश बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत प्रत्येक नागरिक को वाक् एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मौलिक अधिकार प्राप्त है।कोई भी जनप्रति निधि जनता के सवालों से बड़ा नहीं हो सकता और न ही सत्ता संविधान से ऊपर हो सकती है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति और सवाल पूछने की स्वतंत्रता का सम्मान होना चाहिए।

विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग प्रकरण पर उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होनी चाहिए। इस संवेदनशील मामले में नाबालिग की निजता, सम्मान और न्याय सर्वोपरि होना चाहिए। वहीं,पत्रकार अभिषेक भारती को भी अपना पक्ष रखने का पूरा कानूनी अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई दुर्भावना या राजनीतिक दबाव में नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि JLKM किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि संविधान, निष्पक्ष न्याय और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पक्ष में खड़ा है। यदि किसी पत्रकार से कोई गलती हुई है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पत्रकारिता की आवाज दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

अंत में देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि कलम की ताकत को दबाने के बजाय उठाए गए सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। पत्रकारिता को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब पत्रकार बिना किसी भय और दबाव के जनता की आवाज बनकर अपनी जिम्मेदारी निभा सकेंगे।

REPORTER|VIJAY THAKUR|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें