Sahibganj:गुमानी स्टेशन पर इंटर सिटी के ठहराव की मांग तेज,10 दिसंबर को होगा विशाल धरना-प्रदर्शन, रेलवे को नव झारखंड जन एकता संगठन का अल्टीमेटम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनता की आवाज अब आंदोलन का रूप लेने को तैयार,13011- 13012 मालदा-हावड़ा इंटरसिटी के ठहराव के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान,अध्यक्ष फारोग अहसान ने डीआरएम को भेजा पत्र।

Sahibganj:वर्षों से रेल सुविधा की उम्मीद लगाए बैठे गुमानी और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों की आवाज अब आंदोलन का रूप लेने जा रही है।गुमानी रेलवे स्टेशन पर 130 11-13012 मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर नव झारखंड जन एकता संगठन ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।संगठन ने आगामी 10 दिसंबर 2026,गुरुवार को सुबह 10 बजे से गुमानी रेलवे स्टेशन परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इसे लेकर संगठन ने हावड़ा मंडल के डीआरएम को पत्र भेजकर आंदोलन का अल्टीमेटम दिया है।

संगठन के अध्यक्ष फारोग अहसान ने पत्र के माध्यम से रेलवे प्रशासन को अवगत कराया है कि गुमानी स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर पिछले कई महीनों से लगातार लोकतांत्रिक तरीके से प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में 7 अगस्त, 9 सितंबर और 12 अक्टूबर 2026 को रेलवे प्रशासन को पत्र भेजे गए।वहीं 9 सितंबर को जनहस्ताक्षर अभियान चलाकर विस्तृत मांग-पत्र भारतीय डाक के माध्यम से भी भेजा गया था।इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

दर्जनों गांवों की लाइफलाइन है गुमानी स्टेशन

गुमानी रेलवे स्टेशन आसपास के दर्जनों गांवों और पंचायतों के हजारों लोगों के लिए रेल आवागमन का महत्वपूर्ण केंद्र है।यहां से प्रतिदिन विद्यार्थी,मरीज,नौकरीपेशा लोग,व्यापारी,किसान और आम यात्री यात्रा करते हैं।इसके बावजूद मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

संगठन का कहना है कि यदि इस ट्रेन का ठहराव गुमानी स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाता है,तो क्षेत्र के लोगों को मालदा,कोल काता समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। यह मांग किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता के सामूहिक हित से जुड़ी हुई है।

10 दिसंबर को शक्ति प्रदर्शन, रेलवे प्रशासन को अंतिम चेतावनी

नव झारखंड जन एकता संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि धरना -प्रदर्शन से पहले रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेन के ठहराव को लेकर कोई सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 10 दिसंबर को व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।संगठन ने क्षेत्र के आम नागरिकों,सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से भी इस आंदोलन में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

संगठन को उम्मीद है कि धरना-प्रदर्शन की नौबत आने से पहले ही रेलवे प्रशासन जनता की इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी,राजमहल सांसद,साहिबगंज उपायुक्त,राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि रेलवे प्रशासन 10 दिसंबर से पहले गुमानी की जनता की आवाज सुनता है या फिर हजारों यात्रियों की उम्मीदें धरना-प्रदर्शन के रूप में रेलवे स्टेशन परिसर में बुलंद होंगी।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHARWA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें