सरकारी आश्वासन निकला बेअसर बकाया वेतन और कथित वेतन कटौती समेत कई मुद्दों पर भड़के कर्मचारी;एनएचएम कार्यालय के समक्ष होगा धरना-प्रदर्शन
Sahibganj:झारखंड में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली 108 एम्बुलेंस सेवा पर हड़ताल का संकट गहराता नजर आ रहा है।कर्मचारियों की लंबित मांगों और लगा तार अनदेखी से नाराज झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने 18 नवंबर 2026 की रात 8 बजे से राज्यव्यापी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है।हड़ताल के तहत राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ ने साफ कर दिया है कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संघ के जिला अध्यक्ष रोहित रंजन ने बताया कि कर्मचारियों को अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का लंबित वेतन अब तक नहीं मिला है। वहीं, फरवरी 2025 से कथित मनमानी वेतन कटौती, बकाया राशि की वापसी और संदिग्ध वेतन भुगतान दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच जैसे गंभीर मुद्दे लंबे समय से उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा खराब एम्बुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के भुगतान, कर्मचारियों पर फर्जी केस आईडी बनाने का दबाव तथा अपनी जेब से एम्बुलेंस की मरम्मत कराने जैसी समस्याओं से भी कर्मचारी परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी पहले भी कई बार आंदोलन कर चुके हैं।हर बार सरकार और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से समाधान का आश्वासन देकर आंदो लन स्थगित करा दिया जाता रहा है।पूर्व में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में छठ पूजा तक मांगों का समाधान करने का भरोसा दिया गया था। इसी आश्वासन पर संघ ने आंदोलन स्थगित किया,लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी न तो बकाया वेतन का भुगतान हुआ और न ही अन्य समस्याओं का समाधान किया गया।
अब आश्वासन नहीं, धरातल पर चाहिए समाधान
संघ का कहना है कि कर्मचारी अब केवल मौखिक आश्वासनों के भरोसे आंदोलन वापस लेने को तैयार नहीं हैं।इस बार आर-पार की लड़ाई का निर्णय लिया गया है।जब तक कर्मचारियों को उनका बकाया वेतन नहीं मिलता,कथित वेतन कटौती की जांच कर न्याय नहीं दिया जाता और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
आंदोलन को सफल बनाने और आगे की रणनीति तय करने के लिए प्रदेश स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 को रांची स्थित भारतीय मजदूर संघ,धुर्वा कार्या लय में राज्य के सभी जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सचिवों की बैठक बुलाई गई है।बैठक में आंदोलन की रूपरेखा,कर्मचारियों की भागीदारी और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
संघ ने राज्यभर के सभी 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।वहीं प्रस्तावित हड़ताल से आपातकालीन एम्बुलेंस सेवाओं पर संभावित असर को लेकर भी चिंता बढ़ सकती है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









