छह प्रखंडों के 65 हेक्टेयर में होगी केले की खेती, उन्नत पौधों के वितरण से किसानों की आय बढ़ाने की पहल
Sahibganj:अब जिले के किसानों की आर्थिक खुशहाली में केले की खेती भी नई मिठास घोलने वाली है। पारंपरिक खेती के साथ किसानों को उद्यानिकी फसलों से जोड़ने और उनकी आम दनी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला उद्यान कार्यालय ने बड़ी पहल की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत उद्यान विकास योजना के माध्यम से जिले के छह प्रखंडों के 283 किसानों के बीच जी-9 किस्म के उन्नत केले के पौधों का वितरण किया जा रहा है। इस योजना के तहत कुल 65 हेक्टेयर भूमि पर केले की खेती को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के तहत बरहेट, बरहरवा, राजमहल, तालझारी, बोरियो एवं साहिबगंज प्रखंड के किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसी क्रम में बरहेट प्रखंड में आयोजित पौधा वितरण कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी एवं जिला उद्यान पदाधिकारी रविकांत रजक मुख्य रूप से शामिल हुए। अतिथियों ने किसानों को उन्नत किस्म के केले के पौधे वितरित कर बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया।
वैज्ञानिक खेती से बढ़ेगी पैदावार और आमदनी
कार्यक्रम के दौरान जिला उद्यान पदाधिकारी रविकांत रजक ने किसानों को जी-9 केले की खेती की उपयोगिता और इसकी बेहतर उत्पादन क्षमता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पौधों के उचित रोपण, निर्धारित दूरी, नियमित सिंचाई, संतुलित खाद एवं उर्वरक के इस्तेमाल तथा पौधों की देखभाल के वैज्ञानिक तरीकों से अवगत कराया।
वहीं प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेती में नई तकनीक और उन्नत किस्म के पौधों का इस्तेमाल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक हो सकता है। किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
उद्यानिकी खेती को मिलेगी नई पहचान
जिला उद्यान कार्यालय का लक्ष्य किसानों को उन्नत पौधे और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर पारंपरिक खेती के साथ फल उत्पादन को भी बढ़ावा देना है। इससे किसानों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और जिले की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला उद्यान कार्यालय के लिपिक सुमन कुमार, सौरभ, प्रेम पासवान एवं बागवान मित्र बाबूजी सोरेन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









