Sahibganj:पहाड़िया किसानों के जीवन में घुलेगी शहद की मिठास,24 किसानों को मिले 480 मधुमक्खी पालन बॉक्स

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

साहिबगंज में ‘मीठी क्रांति’ की शुरुआत,मधुमक्खी पालन से आत्मनिर्भर बनेंगे पहाड़िया किसान;स्थानीय शहद को मिलेगी नई पहचान

Sahibganj:अब पहाड़िया किसानों की मेहनत से खेतों और जंगलों में सिर्फ फसल ही नहीं, बल्कि शहद की मिठास भी आर्थिक खुशहाली का नया रास्ता खोलेगी। जिले में पहाड़िया समुदाय की आजीविका मजबूत करने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रशासन ने ‘मीठी क्रांति’ की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत पतना एवं राजमहल प्रखंड के 24 चयनित पहाड़िया किसानों के बीच मधुमक्खी पालन बॉक्स एवं मधु निकासी किट का वितरण किया गया।

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में जिला उद्यान पदाधिकारी रविकांत रजक, ग्राम प्रधान सूरज पहाड़िया एवं आमडंडा पहाड़ की वार्ड सदस्य गंगिया पहाड़ीन ने संयुक्त रूप से चयनित किसानों को मधुमक्खी पालन सामग्री सौंपी। खास बात यह है कि प्रत्येक किसान को 20 मधुमक्खी पालन बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। इस तरह कुल 480 बॉक्स वितरित किए गए। साथ ही मधु निकासी के लिए आवश्यक किट भी दी गई।

शहद उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आमदनी

इस पहल का उद्देश्य पहाड़िया किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आय का एक अतिरिक्त और स्थायी स्रोत उपलब्ध कराना है। किसानों को मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक तकनीक, मधु संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे गुणवत्तापूर्ण शहद उत्पादन के साथ बाजार में बेहतर कीमत हासिल करने का रास्ता खुलेगा।

स्थानीय शहद को मिलेगी नई पहचान

प्रशासन की इस पहल से न केवल पहाड़िया समुदाय के किसानों को स्वरोजगार मिलेगा, बल्कि साहिबगंज के स्थानीय शहद को भी विशिष्ट पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मधुमक्खी पालन को व्यावसायिक स्वरूप देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करने की योजना है। इस कार्य में वन विभाग का सहयोग भी लिया जाएगा, ताकि वन क्षेत्रों और प्राकृतिक संसाधनों के अनुकूल मधुमक्खी पालन को बढ़ावा मिल सके।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सूरज पहाड़िया, वन विभाग के प्रतिनिधि राजीव कुमार, उद्यान विभाग के सुमन कुमार सौरभ एवं प्रेम पासवान सहित संबंधित कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें