Sahibganj:चार महीने से वेतन नहीं 108 एम्बुलेंस कर्मियों का फूटा गुस्सा, धरना-प्रदर्शन कर उठाई हक की आवाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुरक्षा,ओवरटाइम,ग्रेच्युटी और बीमा समेत कई मांगों को लेकर कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, कंपनी पर मरम्मत खर्च का भुगतान नहीं करने का भी आरोप

Sahibganj:आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा में दिन-रात मरीजों की जान बचाने की जिम्मेदारी निभाने वाले 108 एम्बुलेंस कर्मचारी खुद आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। पिछले चार महीने से वेतन लंबित रहने से नाराज कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर सरकार एवं संबंधित विभाग के खिलाफ विरोध जताया। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रोहित रंजन ने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

धरना-प्रदर्शन के माध्यम से कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगें उठाते हुए सुरक्षा की गारंटी, ओवरटाइम एवं ग्रेच्युटी का भुगतान, श्रम विभाग के नियमानुसार वेतन निर्धारण, बीमा सुविधा तथा ईपीएफओ और ईएसआईसी का लाभ देने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि एम्बुलेंस में तकनीकी खराबी आने या वाहन बंद रहने की स्थिति में भी उनके वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए, क्योंकि वाहन की खराबी कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एम्बुलेंस खराब होने पर जिला एसीओ एवं संबंधित कंपनी की ओर से वाहन की मरम्मत कराने के लिए कर्मचारियों पर दबाव बनाया जाता है। कई बार कर्मचारी अपने स्तर से मरम्मत करवाते हैं, लेकिन मरम्मत में खर्च हुई राशि का भुगतान कंपनी की ओर से नहीं किया जाता। इससे कर्मचारियों को दोहरी आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि 108 एम्बुलेंस सेवा आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है।कर्म चारी दिन-रात अपनी ड्यूटी निभाते हुए मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाते हैं,लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्मचारियों ने सरकार एवं संबंधित विभाग से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें