171 आरपीएफ-आरपीएसएफ जवानों की तैनाती,92 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी,भीड़ संभालने के लिए दो होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त रेक और स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था
Bhagalpur:छठ महापर्व के बाद अब परदेस लौटने वालों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने लगी है। त्योहार की खुशियां अपनों के साथ बांटकर लोग फिर अपने कामकाज और रोजगार की दुनिया में लौट रहे हैं। यात्रियों की इस बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने भागलपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष तैयारियां की हैं। यात्रियों को टिकट से लेकर ट्रेन में चढ़ने तक परेशानी न हो और स्टेशन पर भीड़ की स्थिति अनियंत्रित न हो, इसके लिए सुरक्षा, यात्री सुविधा और ट्रेन परिचालन को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में भागलपुर स्टेशन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की भीड़ को प्लेटफॉर्म पर एकत्र होने से रोकने के लिए दो यात्री होल्डिंग एरिया विकसित किए गए हैं। एक सर्कुलेटिंग एरिया में और दूसरा प्लेटफॉर्म संख्या एक के निकट वीआईपी गेट पर बनाया गया है। यहां रोशनी, पंखे और मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग की सुविधा दी गई है। यात्रियों की व्यवस्थित बोर्डिंग के लिए मूल स्टेशन से खुलने वाली ट्रेनों को निर्धारित प्लेटफॉर्म संख्या एक और छह से रवाना किया जा रहा है। आरपीएफ जवान कतारबद्ध तरीके से यात्रियों को ट्रेन में प्रवेश कराने में सहयोग कर रहे हैं।
स्टेशन पर 171 सुरक्षाकर्मी, 92 कैमरों से पैनी नजर
त्योहारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दो राजपत्रित अधिकारियों के साथ 121 आरपीएफ और 50 आरपीएसएफ जवानों की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसर में लगे 92 सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वार कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी के साथ डॉग स्क्वॉड द्वारा भी नियमित जांच की जा रही है।
टिकट काउंटरों से लेकर चिकित्सा सुविधा तक विशेष इंतजाम
यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों से राहत देने के उद्देश्य से पांच यूटीएस काउंटर, छह ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन और चार मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों की मदद के लिए ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ और 24 घंटे संचालित सहयोग काउंटर भी कार्यरत हैं। ट्रेनों के परिचालन, प्लेटफॉर्म बदलाव और अन्य जरूरी सूचनाओं के लिए नियमित उद्घोषणा तथा डिजिटल सूचना पट्टों का इस्तेमाल किया जा रहा है। लिफ्ट और एस्केलेटर का संचालन भी सुनिश्चित किया गया है।
किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टेशन पर प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाओं से लैस चिकित्सा दल उपलब्ध है।एंबुलेंस को भी चौबीसों घंटे तैयार रखा गया है।यात्रियों को अनजान व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं नहीं लेने, सामान की सुरक्षा करने और किसी संदिग्ध वस्तु की सूचना तत्काल रेलकर्मियों या आरपीएफ को देने की अपील की जा रही है।
सात स्क्रैच रेक तैनात, दो और रेक की तैयारी
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने परिचालन संबंधी तैयारियां भी तेज कर दी हैं,अभयपुर,पोड़ैयाहाट,विक्रम शिला और शिवनारायणपुर में सात स्क्रैच रेक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के लिए हावड़ा मंडल से दो और रेक की व्यवस्था की जा रही है।
दिल्ली से कोलकाता तक स्पेशल ट्रेनों का सहारा
छठ के बाद यात्रियों की वापसी को आसान बनाने के लिए मालदा-शकूरबस्ती,गोड्डा-शकूरबस्ती,भागलपुर-नई दिल्ली और जमालपुर-कोलकाता के बीच विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। वहीं, ट्रेन संख्या 03409/03410 भागलपुर-कटिहार-भागलपुर का परिचालन 30 नवंबर 2026 तक पीरपैंती स्टेशन तक विस्तारित किया गया है। इससे इस रेलखंड के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल रही है।
रेलवे प्रशासन द्वारा प्रतिदिन व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। भागलपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और ट्रेन परिचालन की निगरानी के लिए शाखा अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मालदा मंडल का लक्ष्य छठ के बाद उमड़ रही यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करते हुए सभी यात्रियों की सुरक्षित और सुगम घर वापसी सुनिश्चित करना है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|BHAGALPUR









