Sahibganj:आजादी के 78 साल बाद भी सड़क को तरस रहे पहाड़ के गांव,खटिया बनी एंबुलेंस और कंधा बना सहारा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बीमार को खटिया पर ढोते हैं ग्रामीण,गर्भवती महिलाओं को कंधे पर लेकर पार करते हैं दुर्गम रास्ते,शिवगादी से पूपम पहाड़ तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य चपा पहाड़िया ने उपायुक्त को सौंपा आवेदन

Sahibganj:देश आजादी के 78 वर्ष पूरे कर चुका है,गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन साहिबगंज जिले के तालझारी प्रखंड के कुछ पहाड़ी गांवों की तस्वीर आज भी विकास के दावों को आईना दिखा रही है। यहां सड़क नहीं होने का दर्द सिर्फ आवागमन की परेशानी तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों के लिए यह जिंदगी और मौत के बीच का संघर्ष बन चुका है। हालात ऐसे हैं कि गांव में कोई बीमार पड़ जाए तो एंबुलेंस पहुंचना तो दूर, बाइक तक ले जाना मुश्किल हो जाता है। मजबूरी में मरीजों को खटिया पर लादकर और गर्भवती महिलाओं को कंधों पर उठाकर कई किलोमीटर दुर्गम रास्तों से अस्पताल पहुंचाना पड़ता है।

तालझारी प्रखंड की सालगाछी संथाली पंचायत अंतर्गत शिव गादी,गम्हरिया, देवाना पहाड़ और पूपम पहाड़ के ग्रामीण वर्षों से पक्की सड़क की बाट जोह रहे हैं। पहाड़ी और पथरीले रास्तों के बीच बसे इन गांवों के लोगों के लिए बरसात का मौसम किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं होता। रास्ते कीचड़ और फिसलन से भर जाते हैं।ऐसे में किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाना ग्रामीणों के लिए किसी चुनौतीपूर्ण अभियान से कम नहीं होता। कई बार समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण इलाज में देरी होने की आशंका बनी रहती है।

सड़क के अभाव में शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित

सड़क नहीं होने का खामियाजा केवल बीमार और जरूरतमंद लोगों को ही नहीं, बल्कि गांव के बच्चों को भी भुगतना पड़ रहा है। बरहेट स्थित स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को रोजाना संकरे और दुर्गम रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। बरसात के दिनों में उनकी मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। वहीं, हाट-बाजार पहुंचने, जरूरी सामान लाने और सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए भी ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की उम्मीद में ग्रामीण वर्षों से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं।

अब आवेदन नहीं, सड़क निर्माण की पहल चाहती हैं चपा पहाड़िया

ग्रामीणों की इस वर्षों पुरानी समस्या को लेकर पंचायत समिति सदस्य चपा पहाड़िया ने अब प्रशासन के समक्ष मजबूती से आवाज उठाई है।उन्होंने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर शिव गादी मंदिर की मुख्य सड़क से गम्हरिया होते हुए देवाना पहाड़ और पूपम पहाड़ तक पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है।उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कराने की पहल करने का आग्रह किया है।

चपा पहाड़िया ने कहा कि सड़क का निर्माण होने से शिवगादी, गम्हरिया, देवाना पहाड़ और पूपम पहाड़ सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य,शिक्षा,रोजगार,हाट-बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। सबसे बड़ी राहत यह होगी कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।

पहाड़ के गांवों की पुकार- विकास का उजाला सड़क से ही पहुंचेगा

चपा पहाड़िया ने जिला प्रशासन से इस गंभीर समस्या को प्राथ मिकता के आधार पर लेते हुए जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।उनका कहना है कि वर्षों से ग्रामीण सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें केवल उम्मीद और आश्वासन ही मिला है। अब जरूरत कागजी भरोसे की नहीं, बल्कि धरातल पर सड़क निर्माण की है।

सवाल यह है कि जब विकास की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंचाने की बात होती है, तो फिर पहाड़ों पर बसे इन गांवों तक सड़क क्यों नहीं पहुंच पाई? आखिर कब तक बीमार खटिया पर ढोए जाएंगे और गर्भवती महिलाएं कंधों के सहारे अस्पताल पहुंचेंगी? आज इन गांवों के लोगों की मांग कोई बड़ी सुविधा नहीं, बल्कि सड़क जैसी बुनियादी जरूरत है। पहाड़ के ग्रामीणों की उम्मीद अब जिला प्रशासन की पहल पर टिकी है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TALJHARI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें