सरकारी खजाने से बना घाट,दरारों ने खोली निर्माण की हकीकत,15 वें वित्त आयोग की योजना पर सवाल,समाज सेवी बेंजामिन मालतो ने डीसी से की उच्चस्तरीय जांच की मांग
Sahibganj:जिले के तालझारी प्रखंड क्षेत्र में सुदूरवर्ती गांवों के विकास और ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार पंचायतों को 15वें वित्त आयोग के माध्यम से विकास कार्यों के लिए राशि उपलब्ध कराती है।इस राशि से गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जाता है। लेकिन जब विकास के नाम पर खर्च की गई सरकारी राशि से बने निर्माण कार्य कुछ ही महीनों में जवाब देने लगें, तो उसकी गुणवत्ता और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है।
ऐसा ही भ्रष्टाचार का एक मामला तालझारी प्रखंड के पोखरिया पंचायत अंतर्गत उदयपुर गांव में सामने आया है। यहां सकल हेंब्रम के पोखर में 15वें वित्त आयोग की राशि से करीब 1 लाख 85 हजार 300 रुपये की लागत से सीढ़ीघाट का निर्माण कराया गया था।लेकिन निर्माण के महज छह महीने के भीतर ही सीढ़ीघाट की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं।इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।योजना स्थल पर लगे शिलापट्ट के अनुसार योजना संख्या 01/26-27 है।इसमें लाभुक समिति के अध्यक्ष के रूप में सकल हेंब्रम तथा मुखिया के रूप में गोपाल हेंब्रम का नाम भी अंकित है।
शिलापट्ट पर विकास की कहानी,जमीन पर दरारों की जुबानी!
इस मामले को लेकर साहिबगंज के चर्चित समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने जिम्मेदार अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है,लेकिन यदि लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी निर्माण कार्य छह महीने तक टिक नहीं पा रहा है,तो यह गंभीर जांच का विषय है। उन्होंने जिले के उपायुक्त से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
मुखिया से लेकर जेई और पंचायत सचिव तक की जवाबदेही तय हो
15वें वित्त आयोग की राशि से पंचायतों में कराए जाने वाले विकास कार्यों में पंचायत के मुखिया और संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।स्थानीय पंचायत के मुखिया की जिम्मेदारी पंचायत क्षेत्र की विकास योजनाओं की जरूरतों को सामने लाने,ग्रामसभा एवं पंचायत की निर्धारित प्रक्रिया के तहत योजनाओं को आगे बढ़ाने,कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखने और सरकारी राशि के पारदर्शी उपयोग को सुनिश्चित करने की होती है।
वहीं पंचायत सचिव योजना से संबंधित अभिलेख,रजिस्टर, वित्तीय दस्तावेज,भुगतान और अन्य सरकारी रिकॉर्ड का संधारण करते हैं तो दूसरी ओर कनीय अभियंता (जेई) की जिम्मेदारी तकनीकी प्राक्कलन तैयार करने,निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने,निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री के इस्तेमाल की निगरानी करने तथा कार्य की माप के आधार पर माप पुस्तिका (एमबी) तैयार करने की होती है।
ऐसे में उदयपुर के सीढ़ीघाट में इतनी जल्दी दरारें आने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप कराया गया था? क्या निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता वाली सामग्री का इस्तेमाल हुआ? क्या संबंधित कनीय अभियंता ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच और माप सही तरीके से की थी? क्या भुगतान से पहले निर्माण की गुणवत्ता की जांच की गई थी? इन सभी बिंदुओं की जांच जरूरी है।
अब जांच और कार्रवाई का इंतजार
ग्रामीण विकास के लिए आवंटित सरकारी राशि जनता की गाढ़ी कमाई है। ऐसे में योजनाओं का निर्माण केवल कागजों पर पूरा दिखाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसका टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण होना भी जरूरी है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है और जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करता है या नहीं। समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने उपायुक्त से मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए,योजना से जुड़े अभिलेखों और भुगतान की भी पड़ताल हो तथा अनियमितता प्रमाणित होने पर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









