दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से गुमला में किसानों की बढ़ी चिंता,खेतों में खड़ी फसल घर नहीं पहुंचने से आर्थिक संकट का खतरा,सरकार से मुआवजे की मांग
Gumla:जिले में किसानों ने पूरे साल जिस फसल को मेहनत और उम्मीदों के साथ तैयार किया,अब वही फसल उनकी आंखों के सामने बर्बादी की ओर बढ़ रही है। गुमला जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में धान की फसल तैयार खड़ी है, लेकिन लगातार बारिश के कारण किसान उसकी कटाई और सुरक्षित भंडारण नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में तैयार धान के साथ उड़द और अन्य फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों के चेहरे पर मायूसी है और उन्हें आने वाले दिनों में आर्थिक संकट की चिंता सताने लगी है।
जिले के रायडीह प्रखंड अंतर्गत कोंडरा पंचायत के कसीरा गांव में बारिश का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। गांव के अधिकांश किसानों की तैयार फसल खेतों में ही पड़ी है। बारिश के कारण फसल की कटाई और उसे घर तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है। किसानों को डर है कि यदि इसी तरह बारिश जारी रही तो उनकी महीनों की मेहनत मिट्टी में मिल सकती है।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र उरांव ने किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अधिकांश परिवारों की आजीविका खेती पर निर्भर है। इस वर्ष अच्छी बारिश होने से खेती भी बेहतर हुई थी। किसानों को उम्मीद थी कि अच्छी पैदावार से उन्हें बेहतर आमदनी होगी और परिवार की जरूरतें पूरी होंगी। लेकिन पिछले दो दिनों की लगातार बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। उन्होंने बताया कि उनके खेतों में लगी फसल को भी नुकसान पहुंचा है।
देवेंद्र उरांव ने कहा कि किसानों के लिए खेती महज फसल उत्पादन का साधन नहीं, बल्कि पूरे परिवार के जीवनयापन का आधार है। कई किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं और फसल बेचकर कर्ज चुकाने के साथ बच्चों की पढ़ाई, शादी-विवाह और परिवार का खर्च चलाते हैं। यदि तैयार फसल बर्बाद हो गई तो ऐसे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों को तत्काल निर्देश जारी किया जाए, ताकि बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का आकलन कराया जा सके। साथ ही प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
वहीं कसीरा गांव के किसान पारस उरांव ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि इस वर्ष फसल अच्छी होने से गांव के किसान काफी खुश थे। उन्हें उम्मीद थी कि धान की अच्छी पैदावार से पूरे साल परिवार का खर्च आसानी से चल जाएगा। लेकिन लगातार बारिश के कारण तैयार फसल बर्बाद होती नजर आ रही है। किसान अपनी आंखों के सामने मेहनत की कमाई को नुकसान होते देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि धान की फसल किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसी की आमदनी से बच्चों की पढ़ाई, शादी-विवाह और परिवार की अन्य जरूरतें पूरी होती हैं। यदि फसल ही बर्बाद हो गई तो किसानों के सामने आगे का रास्ता मुश्किल हो जाएगा।
फिलहाल बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर संकट खड़ा कर दिया है। खेतों में तैयार फसल को सुरक्षित घर पहुंचाने की चिंता किसानों को सता रही है। ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|GUMLA









