उत्तराखंड में सड़क निर्माण कंपनी में काम करने गए थे दुमका के मज दूर,स्थानीय एजेंट पर मानदेय हड़पने और जरूरी दस्तावेज रखने का आरोप
Dumka:बेहतर रोजगार और अच्छी कमाई की उम्मीद लेकर उत्तराखंड गए दुमका के नौ प्रवासी श्रमिक अब अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।आरोप है कि सड़क निर्माण कंपनी में पांच महीने तक काम कराने के बाद करीब 4 लाख 65 हजार रुपये का मानदेय लेकर स्थानीय एजेंट विकास राय फरार हो गया है।मजदूरों का आरोप है कि बार-बार मांगने के बावजूद उन्हें बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
प्रवासी श्रमिक प्रकाश मंडल के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को दुमका जिले के जामा प्रखंड अंतर्गत नावाडीह पंचायत के नौ श्रमिकों को पड़ोसी गांव सांपडहार निवासी विकास राय उत्तरा खंड के चमोली जिले में स्थित डेट च्यूदंड-123 बीआरसीसी रोड निर्माण कंपनी में काम दिलाने के नाम पर ले गया था,श्रमिकों का कहना है कि एजेंट ने पांच महीने काम पूरा करने पर सामान्य श्रेणी के मजदूरों को 95 हजार रुपये तथा मिस्त्री श्रेणी के कर्मियों को 1.10 लाख रुपये एकमुश्त देने का मौखिक समझौता किया था।
श्रमिकों के मुताबिक अक्टूबर में काम पूरा होने के बाद उन्होंने मानदेय की मांग की तो एजेंट ने घर लौटने के बाद भुगतान करने का भरोसा दिया। लेकिन घर वापस आने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। मजदूरों का आरोप है कि एजेंट से संपर्क करने और उसके परिवार से जानकारी लेने के बावजूद उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
मिस्त्री प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि विकास राय ने उन्हें दूसरे एजेंट सुरकेश दुर्वे के संपर्क में भी सौंपा था। सुरकेश दुर्वे बेलगाम,बासुकीनाथ क्षेत्र का निवासी बताया गया है।श्रमिकों का आरोप है कि दोनों एजेंटों की मिलीभगत से उन्हें भुगतान के मामले में परेशान किया जा रहा है।
बैंक पासबुक, एटीएम और आधार कार्ड भी रखने का आरोप
मजदूरों ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि एजेंट विकास राय ने उनके नए बैंक पासबुक,एटीएम कार्ड,आधार कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लिए हैं। बार- बार मांगने के बावजूद दस्तावेज वापस नहीं किए गए हैं। इससे श्रमिकों की परेशानी और बढ़ गई है।
प्रकाश मंडल ने बताया कि व्यक्तिगत रूप से कई बार बकाया भुगतान की मांग की गई,लेकिन हर बार आश्वासन देकर टाल दिया गया।उन्होंने यह भी बताया कि उनके हिस्से का अभी करीब 60 हजार रुपये बकाया है। अन्य आठ श्रमिकों का भी मानदेय लंबित है।
जामा थाना में शिकायत, कार्रवाई की मांग
श्रमिकों के अनुसार इस मामले में जामा थाना में लिखित शिकायत देकर बकाया मानदेय दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।इसके बावजूद अब तक उन्हें भुगतान नहीं मिल पाया है।
पीड़ित श्रमिकों ने हब सेंटर जोहार,श्रम अधीक्षक दुमका,प्रवासी सहायता एवं सूचना नेटवर्क नई दिल्ली,ई-इंडिया लेबर लाइन, दिशा फाउंडेशन और झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष रांची सहित संबंधित संस्थाओं से हस्तक्षेप कर बकाया मानदेय दिलाने की गुहार लगाई है।
प्रवासी श्रमिकों में प्रकाश मंडल,कुश कुमार सिंह,
बजरंग राय, जॉन सोरेन,माणिक कोल, नरेश राय, अशोक राय, प्रताप सिंह और अशोक पंडित शामिल हैं। मजदूरों का कहना है कि मेहनत की कमाई नहीं मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। भुगतान में लगातार देरी से उनकी मानसिक परेशानी भी बढ़ती जा रही है।
अब सवाल यह है कि पांच महीने तक मेहनत करने वाले इन नौ श्रमिकों को उनकी मजदूरी कब मिलेगी और उनके जरूरी दस्तावेज वापस दिलाने के लिए प्रशासन कब ठोस कदम उठाएगा!
REPORTER|SUSHANTO SOREN|DUMKA









