Godda:चार दिनों से लापता पलटू मांझी का नदी में मिला शव,परिवार में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दो बेटे और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

Godda:जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव के समीप शनिवार की सुबह नोनमाटी नदी में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।नदी में शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नोनमाटी गांव निवासी 45 वर्षीय पलटू मांझी के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार पलटू मांझी पिछले चार दिनों से लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे,लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था। इसी बीच शनिवार की सुबह हरिपुर गांव के पास नोनमाटी नदी में उनका शव तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

शव की पहचान होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पलटू मांझी अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

इस संबंध में मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद साहा ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक शराब का सेवन करते थे। प्रारंभिक आशंका है कि नशे की हालत में नदी किनारे जाने के दौरान वह पानी में गिर गए होंगे, जिससे उनकी मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|GODDA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें