विवादित नियम वापस लेने की मांग,अन्यथा संताल परगना स्तर पर आंदोलन की चेतावनी
Dumka:अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के हितों के विरुद्ध लागू किए गए नए नियमों का कड़ा विरोध किया है। जिला इकाई की बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से विवादित नियम को अविलंब वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर छात्र संगठनों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
अभाविप के जिला संयोजक संजय पाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी विफलताओं और प्रशासनिक कमियों को छिपाने के लिए विद्यार्थियों पर नए-नए नियम थोपे जा रहे हैं। इससे प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन नियम-कानून बनाने को लेकर इतना गंभीर है, तो ऐसे नियम उन अधिकारियों और पदाधिकारियों पर भी लागू होने चाहिए, जो वर्षों से एक ही पद पर बने हुए हैं। क्या लंबे समय से एक ही पद पर कार्यरत अधिकारियों और शिक्षकों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन की व्यवस्था भी लागू होगी! नियम सभी के लिए समान होने चाहिए, केवल विद्यार्थियों पर नियम थोपना न्यायसंगत नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन चाहे जितने नियम बना ले, लेकिन विद्यार्थियों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े सवालों को दबाया नहीं जा सकता। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के साथ अन्याय या प्रशासनिक अनियमितता के किसी भी मामले में अभाविप लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी।
परिषद ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से डराने-धमकाने या दबाव बनाने की किसी भी कोशिश से संगठन पीछे हटने वाला नहीं है। अभाविप ने सभी छात्र संगठनों एवं छात्र संघों से आपसी मतभेद भुलाकर विद्यार्थियों के हित में एकजुट होने की अपील की है।
परिषद ने दोहराया कि विवादित नियम वापस नहीं लेने पर अन्य छात्र संगठनों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत पूरे संताल परगना के विद्यार्थियों को एकजुट कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। अभाविप ने आंदोलन से उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति के लिए कुलपति एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|DUMKA









