फाइनल में बिरसा वॉरियर्स को 1-0 से दी शिकस्त,समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने पहाड़िया समाज के उत्थान के लिए सरकार की पहल को बताया सराहनीय
Sahibganj:झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय साहिबगंज की ओर से आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का समापन सिद्धो -कान्हू स्टेडियम में उत्साह और खेल भावना के बीच हुआ। दूधिया रोशनी में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के पुरुष फुटबॉल वर्ग में एफसी पहाड़िया (आदिम जनजाति) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुका बले में बिरसा वॉरियर्स को 1-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ पहाड़िया टीम ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस आयोजन का एक खास आकर्षण आवासीय बालक फुट बॉल प्रशिक्षण केंद्र,साहिबगंज का महज 11 वर्षीय प्रशिक्षु सिंगराई मरांडी रहा।उन्होंने संथाली भाषा में फुटबॉल मैच की कमेंट्री कर दर्शकों का मन मोह लिया।कम उम्र में उनकी बेहतरीन कमेंट्री और आत्मविश्वास ने प्रतियोगिता में मौजूद लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।सिंगराई की प्रतिभा ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
वहीं,जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों की टीम वॉलीबॉल, गेड़ी दौड़,फुटबॉल,तीरंदाजी,भारा दौड़,घड़ा दौड़ एवं गुलेल जैसी पारंपरिक खेल विधाओं में बालक एवं बालिका वर्ग का प्रतिनिधित्व करने के लिए 21 नवंबर को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने दुमका रवाना हुई।टीम का नेतृत्व खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी कर रहे हैं।
पहाड़िया समाज की प्रतिभाओं को मंच देना सरकार की सराहनीय पहल:बेंजामिन मालतो
साहिबगंज के चर्चित समाजसेवी बेंजामिन मालतो ने प्रतियोगिता के आयोजन और एफसी पहाड़िया की जीत पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए सरकार एवं जिला प्रशासन की पहल की सराहना की।उन्होंने कहा कि पहाड़िया समाज की खेल प्रतिभाओं को जिला और राज्य स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में यह एक सराहनीय कदम है।एफसी पहाड़िया की जीत पूरे पहाड़िया समाज के लिए गर्व और गौरव का विषय है। इससे समाज के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहाड़िया समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है,जरूरत है तो उन्हें उचित अवसर,संसाधन और प्रोत्साहन देने की।सरकार द्वारा ग्रामीण एवं आदिम जनजातीय समुदायों के बीच खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना सकारात्मक पहल है। ऐसी कोशिशों से जनजातीय युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकेंगे।
बेंजामिन मालतो ने कहा कि पहाड़िया समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और खेल के क्षेत्र में निरंतर विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन एवं खेल विभाग से आग्रह किया कि पहाड़िया और अन्य आदिम जनजातीय समुदायों के प्रतिभाशाली बच्चों को नियमित प्रशि क्षण,खेल सामग्री और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि साहिबगंज की प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल प्रशिक्षक योगेश यादव, खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, अशोक साहनी, टूरिज्म स्पेशलिस्ट गौरव प्रियदर्शी सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
कुल मिलाकर यह प्रतियोगिता ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ पारंपरिक खेल संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ









