खुशियों के माहौल में पसरा मातम, NH-333A पर सुबह छह बजे हुआ दर्दनाक हादसा; गैस कटर से काटकर निकाला गया बोलेरो चालक
Godda:बेटी के तिलक समारोह की खुशियां मनाकर घर लौट रहा एक परिवार रास्ते में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया।गोड्डा-पंजवारा NH-333A मार्ग पर रविवार की अहले सुबह करीब छह बजे डुमरिया और खटनयी के बीच बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में लड़की के फूफा अजय सिंह की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार बांका जिले के चतुर्भुज गांव से एक परिवार शनिवार को अपनी बेटी का तिलक चढ़ाने बोकारो गया था।तिलक समारोह संपन्न होने के बाद परिवार के सदस्य बोलेरो से वापस घर लौट रहे थे।इसी दौरान डुमरिया और खटनयी के बीच एक मोड़ पर बोलेरो की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए,जबकि ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में जा उतरा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई,बोलेरो चालक उमेश मंडल गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गया।उसे बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 112 नंबर पर सूचना दी।साथ ही अदाणी पावर प्लांट की एंबुलेंस को बुलाकर घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक को झपकी आने की जताई जा रही आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अपनी दिशा में सही तरीके से आ रहा था, जबकि बोलेरो कथित तौर पर गलत दिशा में जाकर ट्रक से टकरा गई। आशंका जताई जा रही है कि अहले सुबह लगातार सफर के कारण बोलेरो चालक को झपकी आ गई होगी, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फूफा की मौत, चार घायलों को भागलपुर रेफर
बोलेरो में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अजय सिंह को मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि अजय सिंह लड़की के फूफा थे। वहीं अवधेश सिंह, चुन्ना सिंह,ऋतिक सिंह और चालक उमेश मंडल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
जिस घर में बेटी के तिलक की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम छा गया है। एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|GODDA









