Sahibganj:साहिबगंज की वर्षों पुरानी मांगों पर आर-पार की तैयारी,आज डीआरएम कार्यालय के बाहर मजदूर संघ का धरना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

10 सूत्री मांगों को लेकर झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) करेगा धरना-प्रदर्शन,आंदोलन के बाद मंडल रेल प्रबंधक को सौंपा जाएगा मांगपत्र,यात्री सुविधाओं, ट्रेनों के ठहराव और मजदूरों के अधिकारों का मुद्दा उठेगा

Sahibganj:जिले में रेलवे समस्याएं एक बार फिर आंदोलन के केंद्र में आने वाली हैं।वर्षों से लंबित यात्री सुविधाओं,ट्रेनों के ठहराव और रेल साइडिंग में काम करने वाले मजदूरों की बुनि यादी समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) सोमवार को मालदा मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगा।संघ ने इस आंदोलन के माध्यम से रेलवे प्रशासन का ध्यान साहिबगंज जिले की उन पुरानी समस्याओं की ओर खींचने की तैयारी की है,जिनके समाधान की मांग लंबे समय से उठती रही है।

संघ के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस धरना-प्रदर्शन के बाद मंडल रेल प्रबंधक को 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा।इसमें रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, रेल साइडिंग में धूल-कण पर नियंत्रण,मजदूरों के लिए पेयजल, शौचालय,पहचान पत्र,विश्राम भवन और मेडिकल सुविधा के साथ विभिन्न ट्रेनों के ठहराव एवं परिचालन की मांग प्रमुखता से शामिल है।

संघ का कहना है कि साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी,करमटोला सकरीगली,महाराजपुर,करणपुरातो,तालझारी,तीनपहाड़ और बाकुड़ी जैसे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। कई स्थानों पर पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था तथा साफ-सफाई को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।

वहीं रेल साइडिंग में काम करने वाले मजदूरों को धूल और प्रदू षण के बीच काम करना पड़ता है।संघ की मांग है कि नियमित जल छिड़काव कराया जाए,सभी मजदूरों को पहचान पत्र दिया जाए तथा उनके लिए श्रमिक विश्राम भवन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।बाकुड़ी स्टेशन के फुट ओवरब्रिज में छतरी लगाने और प्लेटफॉर्म संख्या दो से पांच नंबर साइडिंग तक विस्तार की मांग भी उठाई जाएगी।

ट्रेनों के ठहराव का पुराना मुद्दा फिर बनेगा आंदोलन की आवाज

इस आंदोलन में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में तालझारी रेलवे स्टेशन पर फरक्का एक्सप्रेस (15743/44) और मालदा-किउल इंटरसिटी एक्सप्रेस (13409/10) का अप एवं डाउन में ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग शामिल है।इसके अलावा भागलपुर -अजीमगंज पैसेंजर (53030) का परिचालन बरहरवा से दुमका तक सीधे शुरू कराने की मांग भी उठाई जाएगी। संघ का मानना है कि इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र के यात्रियों को काफी राहत मिल सकती है।

राजकुमार यादव बोले- अब आश्वासन नहीं, समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए

झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) के केंद्रीय अध्यक्ष राजकुमार यादव का कहना है कि साहिबगंज की रेलवे से जुड़ी कई मांगें कोई नई नहीं हैं। इन समस्याओं को लेकर वर्षों से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन आज भी यात्रियों और मजदूरों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे का विकास तभी सार्थक होगा, जब उसका लाभ आम यात्रियों, स्थानीय लोगों और मेहनतकश मजदूरों तक पहुंचेगा।

राजकुमार यादव के अनुसार, रेल लाइन और माल ढुलाई से क्षेत्र को रेलवे के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है,लेकिन स्थानीय यात्रियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलना चिंता का विषय है। तालझारी में ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही है।मजदूरों को पहचान पत्र,स्वास्थ्य सुविधा और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना भी रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सोमवार का धरना किसी राजनीतिक दिखावे के लिए नहीं,बल्कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं को निर्णायक रूप से उठाने का प्रयास है। संघ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखेगा और धरना-प्रदर्शन के बाद डीआरएम को 10 सूत्री ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग करेगा।

अब निगाहें रेल प्रशासन पर

साहिबगंज की रेलवे समस्याओं को लेकर होने वाला यह धरना केवल एक संगठन का विरोध प्रदर्शन नहीं,बल्कि वर्षों से सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों और मजदूरों की आवाज बनने की कोशिश है। अब देखना होगा कि मालदा रेल मंडल प्रशासन इन मांगों को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या इस बार साहिबगंज की पुरानी मांगों को आश्वासन से आगे बढ़ाकर धरातल पर उतारा जाता है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BAKUDI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें