Hazaribag:पहली लड़ाई ने जगाई थी उम्मीद,दूसरी जंग का हुआ आगाज,हजारीबाग से फिर गूंजा युवाओं का इंकलाब!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पहले आंदोलन के बाद भी नहीं बदली नियुक्ति व्यवस्था की तस्वीर!पेपर लीक,परीक्षा में अनियमितता और लंबित बहालियों ने फिर सुलगाई युवाओं की नाराजगी;पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत कर सरकार को घेरने की तैयारी।

Hazaribag:झारखंड में सरकारी नौकरी का सपना देखने वाले लाखों युवाओं की उम्मीदें एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं।कभी नियुक्तियों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र अब एक नए संकल्प के साथ अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी में हैं।पहले आंदोलन से निकली उम्मीदों और उसके बाद भी कायम समस्याओं के बीच अब ‘आंदोलन 2.0’ की शुरुआत हो गई है। इसकी पहली हुंकार हजारीबाग से उठी,जहां JPSC- JSSC रिफॉर्म मंच के तत्वावधान में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय छात्र महापंचायत आयोजित की गई।

इस महापंचायत को महज एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड की परीक्षा और नियुक्ति व्यवस्था के खिलाफ छात्रों की नई गोलबंदी के रूप में देखा जा रहा है।सवाल सिर्फ नौकरी मिलने का नहीं,बल्कि परीक्षा प्रक्रिया पर भरोसा,मेहनत का सम्मान और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा का भी है।

पहले आंदोलन का निष्कर्ष क्या रहा,क्यों फिर उठी आवाज!

झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नियुक्तियों को लेकर छात्रों का असंतोष नया नहीं है,लंबे समय से अभ्यर्थी परीक्षा कैलेंडर,समय पर नियुक्ति,पेपर लीक पर रोक और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते रहे हैं,पहले आंदोलन के दौरान भी युवाओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की थी। आंदोलन के बाद छात्रों को उम्मीद थी कि व्यवस्था में सुधार होगा और नियुक्ति प्रक्रिया गति पकड़ेगी।

लेकिन मंच से जुड़े छात्रों का मानना है कि उनकी बुनियादी समस्याओं का संतोषजनक समाधान अब तक नहीं हुआ है। कहीं परीक्षाओं की अनियमितता का सवाल है,तो कहीं लंबित नियुक्तियों का इंतजार।छात्रवृत्ति और परीक्षा में पारदर्शिता जैसे मुद्दे भी लगातार चर्चा में हैं। ऐसे में पहले आंदोलन के अनुभवों और अधूरी उम्मीदों ने एक बार फिर आंदोलन की जमीन तैयार कर दी है।

हजारीबाग से पांच प्रमंडलों तक आंदोलन फैलाने की तैयारी

रविवार को आयोजित छात्र महापंचायत में छात्र-छात्राओं ने सरकार के वादों,JPSC-JSSC की कार्यप्रणाली,पेपर लीक, परीक्षा में पारदर्शिता,छात्रवृत्ति और लंबित नियुक्तियों पर खुल कर अपनी बात रखी।इस दौरान आगे की रणनीति पर व्यापक विमर्श हुआ।

मंच ने स्पष्ट किया कि आंदोलन 2.0 को केवल हजारीबाग तक सीमित नहीं रखा जाएगा।झारखंड के सभी पांचों प्रमंडलों में छात्र महापंचायत आयोजित कर युवाओं को एक मंच पर लाने की योजना है।हजारीबाग की महापंचायत इसी अभियान की पहली कड़ी है।

सरकार को सबक सिखाने की बात, युवाओं को एकजुट करने का आह्वान

मंच के प्रवक्ता रवींद्र पासवान ने कहा कि यह महापंचायत झारखंड में JPSC एवं JSSC की नियुक्तियों,परीक्षा में पार दर्शिता और लंबित भर्तियों के भविष्य को तय करने की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगी।उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य के सभी पांचों प्रमंडलों में महापंचायत आयोजित की जाएगी।छात्रों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की ताकत का एहसास कराते हुए उसे जवाबदेह बनाने का काम किया जाएगा।

वहीं मंच के प्रवक्ता पीयूष और छात्रा अनिशा फातमा ने भी छात्र हितों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया।महापंचायत में युवाओं की भागीदारी ने यह संकेत दिया कि नियुक्तियों और परीक्षा व्यवस्था को लेकर असंतोष अभी समाप्त नहीं हुआ है।

अब सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल

आंदोलन 2.0 की शुरुआत ने झारखंड सरकार के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी? क्या लंबित नियुक्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा? क्या पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी? और क्या युवाओं को सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए एक भरोसेमंद व्यवस्था मिल पाएगी!

हजारीबाग की महापंचायत से उठी आवाज अब दूसरे प्रमंडलों तक पहुंचने की तैयारी में है।पहले आंदोलन के बाद अधूरी रह गई उम्मीदों और नए आंदोलन के संकल्प के बीच झारखंड के युवाओं ने एक बार फिर अपनी लड़ाई शुरू कर दी है।

युवाओं का संदेश साफ है—नौकरी सिर्फ एक मांग नहीं, उनके भविष्य और सम्मान का सवाल है। अब देखना यह है कि सरकार उनकी आवाज को सुनती है या आंदोलन 2.0 आने वाले दिनों में एक बड़े छात्र आंदोलन का रूप लेता है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|HAZARIBAG

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें