पांच शेड,शौचालय,17 सोलर लाइट और पार्किंग की सुविधा से बाजार होगा अधिक सुव्यवस्थित, ग्रामीणों व व्यापारियों को मिलेगा लाभ
SAHIBGANJ (साहिबगंज) जिले के पिपरजोरिया हाट बाजार में अब ग्रामीणों और व्यापारियों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। एलआईसी एचएफएल की हृदय परियोजना के तहत लगभग 39.80 लाख रुपये की लागत से विकसित आधारभूत सुविधाओं का उद्घाटन शनिवार को उपायुक्त-सह -जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने किया।इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण बाजार को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
परियोजना के तहत हाट बाजार में पांच शेड का पुनर्निर्माण कराया गया है। इसके अलावा महिला एवं पुरुष शौचालयों और यूरिनल का निर्माण, 17 सोलर लाइट की स्थापना, दीवारों एवं फर्श की रंगाई-पुताई, पार्किंग और जल निकासी की व्यवस्था की गई है। बाजार परिसर में सूचना एवं पार्किंग बोर्ड भी लगाए गए हैं। इन सुविधाओं से बाजार आने वाले ग्रामीणों, किसानों और छोटे व्यापारियों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीण बाजारों को बेहतर बनाने की पहलहाट बाजार ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र होता है, जहां किसान अपनी उपज बेचते हैं और छोटे व्यापारी कारोबार करते हैं। ऐसे में आधारभूत सुविधाओं का विकास बाजार की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगा। सोलर लाइट की स्थापना से बाजार परिसर में रोशनी की सुविधा बढ़ेगी, जबकि शौचालय, पार्किंग और जल निकासी की व्यवस्था से स्वच्छता एवं सुव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
हाट बाजार ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र होता है, जहां किसान अपनी उपज बेचते हैं और छोटे व्यापारी कारोबार करते हैं। ऐसे में आधारभूत सुविधाओं का विकास बाजार की व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगा। सोलर लाइट की स्थापना से बाजार परिसर में रोशनी की सुविधा बढ़ेगी, जबकि शौचालय, पार्किंग और जल निकासी की व्यवस्था से स्वच्छता एवं सुव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
एलआईसी एचएफएल और निर्देश संस्था की अहम भूमिका
कार्यक्रम में एलआईसी एचएफएल सीएसआर के रीजनल लीड श्री सौरभ चक्रवर्ती, निर्देश संस्था के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार सिंह और निदेशक विनोद कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। नैन्सी गुप्ता, विशाल कुमार ठाकुर समेत करीब 300 ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

निर्देश संस्था वर्ष 1995 से ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में काम कर रही है। संस्था महिलाओं के सशक्तीकरण और ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित करती है। झारखंड में वर्ष 2014 से 2021 तक ग्रामीण एवं पहाड़ी क्षेत्रों में विकासात्मक कार्य किए गए, जबकि वर्ष 2023 से एलआईसी एचएफएल की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता पर भी जोर
एलआईसी एचएफएल हृदय परियोजना के अंतर्गत ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके तहत किसानों को सिंचाई सुविधाएं एवं उन्नत बीज उपलब्ध कराने, महिलाओं को लघु उद्यमों के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने, सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत बनाने तथा युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के जरिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है। इसके साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और आंगनबाड़ी केंद्रों में जरूरी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जाता है।
पिपरजोरिया हाट बाजार में सुविधाओं का विकास ग्रामीण क्षेत्र में सार्वजनिक संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।इससे स्थानीय बाजार व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्रामीणों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर:आशीष पहाड़िया।साहिबगंज









