SAHIBGANJ:-सड़क हादसे में करीब 15 दिन पहले घायल हुए थे 25 वर्षीय सुमन मंडल, पिता का दावा—इलाज में 15 से 20 लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई; एंबुलेंस से घर लौटने के दौरान रास्ते में हुई मौत।
SAHIBGANJ (साहिबगंज):-परिवार की खुशहाली के लिए हजारों किलोमीटर दूर जाकर मजदूरी करने वाला एक नौजवान आखिरकार घर लौटने के रास्ते में जिंदगी की जंग हार गया।साहिबगंज जिले के बभनगामा गांव निवासी 25 वर्षीय सुमन मंडल की शुक्रवार को एंबुलेंस से घर लौटने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान बभनगामा गांव निवासी कार्तिक मंडल के पुत्र सुमन मंडल के रूप में हुई है। सुमन गुजरात के अहमदाबाद में स्थित किटेन एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करते थे। परिजनों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले काम पर जाने के दौरान वह सड़क हादसे में घायल हो गए थे। हादसे के बाद कंपनी के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और उनका इलाज कराया। इसके बाद उन्हें काम से छुट्टी दे दी गई और परिजन एंबुलेंस से उन्हें घर लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
इलाज में 15 से 20 लाख रुपये खर्च होने की बात, पिता ने बयां किया दर्द-
सुमन के पिता कार्तिक मंडल ने बताया कि सड़क हादसे में घायल होने के बाद बेटे का अहमदाबाद में इलाज कराया गया था। उनके अनुसार, इलाज में करीब 15 से 20 लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई थी। इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था करना परिवार के लिए बेहद मुश्किल था। इसके बाद कंपनी की ओर से बेटे को काम से छुट्टी दे दी गई।

पिता के मुताबिक, वह अपने बेटे को एंबुलेंस से लेकर घर लौट रहे थे। बुधवार को अहमदाबाद से घर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन शुक्रवार को रास्ते में ही सुमन की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। जिस बेटे को वह अपने साथ घर ला रहे थे, उसी बेटे का शव लेकर लौटने की नौबत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पांच साल से अधिक समय से कर रहे थे मजदूरी-
परिजनों के अनुसार, सुमन मंडल पांच साल से अधिक समय से अहमदाबाद में मजदूरी कर रहे थे। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग करते थे। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस दुखद घटना ने उन उम्मीदों को गहरा झटका दिया है।सुमन अहमदाबाद के सरखेज-बावला हाईवे स्थित गैलप्स इंडस्ट्रियल पार्क, राजोदा में संचालित किटेन एंटर प्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में काम करते थे। उनकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और परिचितों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
घर पहुंचने से पहले ही खत्म हो गया सफर-
सुमन अपने गांव,अपने परिवार और अपनों के बीच लौट रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि घर पहुंचने के बाद वह अपनों के बीच रहकर स्वस्थ होंगे और जिंदगी फिर पटरी पर लौटेगी। लेकिन रास्ते में हुई इस अनहोनी ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।फिलहाल,सड़क हादसे की पूरी परिस्थितियों और इलाज में बताए गए खर्च को लेकर कंपनी का पक्ष सामने नहीं आया है। घटना से जुड़े इन पहलुओं पर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
REPORTER_ASHISH PAHARIYA_SAHIBGANJ









