मरांग बुरु महा सम्मेलन में शामिल होंगे हेमंत सोरेन? संथाल समाज ने दिया न्योता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गिरिडीह के मधुबन और बोकारो के ललपनिया में होंगे दो बड़े महासम्मेलन, आदिवासी संस्कृति, सरना धर्म और जनजातीय एकता पर होगी चर्चा

रांची (RANCHI):-झारखंड में आदिवासी संस्कृति,धार्मिक आस्था और पारंपरिक विरासत को लेकर नवंबर में दो बड़े महासम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों में शामिल होने के लिए संथाल समाज के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया है। शनिवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दोनों कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 4 और 5 नवंबर 2026 को गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत मरांग बुरु, मधुबन में आयोजित होने वाले ‘मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन- 2026’ तथा 22 से 24 नवंबर 2026 तक बोकारो जिले के ललपनिया स्थित टीटीपीएस परिसर में आयोजित ‘26वें इंटरनेशनल संथाल सोशियो-सरना रिलिजन कॉन्फ्रेंस- 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

देश-विदेश से जुटेंगे सरना धर्मावलंबी

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दोनों महासम्मेलनों को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारी है। इनमें देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी सरना धर्मावलंबियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलनों में आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाज, पारंपरिक मान्यताओं, धार्मिक पहचान और जनजातीय एकता को मजबूत करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

आयोजकों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराते हुए आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए दोनों महासम्मेलनों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और जन-आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आदिवासी समाज की पहचान और विरासत को सुरक्षित रखने के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।

फागू बेसरा समेत कई प्रतिनिधि रहे मौजूद

इस मुलाकात के दौरान राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त एवं मरांग बुरु बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष फागू बेसरा सहित हीरालाल मांझी, सोमई टुडू, महावीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, सुरेश हेंब्रम, सुधीर बास्के, बबली सोरेन, भगवान किस्कू, शनिचर बेसरा, लादु मांझी, डॉ. डुमनी मयी मुर्मू और सोनाराम मांझी सहित संथाल समाज के कई गणमान्य सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

दोनों महासम्मेलनों को आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पहचान और सामाजिक एकजुटता से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजनों के रूप में देखा जा रहा है।

REPORTER|RAJEEV KUMAR|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें