चार दिनों से लापता थी गुरुवारी हांसदा, दीवार पर खून के निशान देखकर बेटियों को हुआ शक; पति हिरासत में
चाईबासा (CHAIBASA):-झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली थाना क्षेत्र के तुंगी गांव में एक महिला का शव घर के कमरे के फर्श के नीचे दबा मिलने से इलाके में सन सनी फैल गई।मृतका की पहचान 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है। महिला पिछले चार दिनों से लापता थी। मामले में पुलिस ने उसके पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
चार दिनों से मां की तलाश कर रही थीं बेटियां
जानकारी के अनुसार गुरुवारी हांसदा के अचानक लापता होने से परिजन और ग्रामीण परेशान थे। महिला के लंबे समय तक दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों ने उनकी शादीशुदा बेटियों को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बेटियां अपने मायके तुंगी गांव पहुंचीं और मां की तलाश शुरू की।इसी दौरान घर की अंदरूनी दीवार पर खून के निशान दिखाई दिए। इससे बेटियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।
फर्श की खुदाई में मिला शव
घर में खून के निशान मिलने और महिला के लापता होने की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घर के एक कमरे की जमीन पर संदेह होने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में फर्श की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पति हिरासत में, कई बिंदुओं पर जांच
पुलिस ने मामले में महिला के पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में घरेलू कलह या पारिवारिक विवाद की आशंका पर भी गौर किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस घटना ने तुंगी गांव सहित आसपास के इलाकों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे महिला की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|CHAIBASA









