हजारीबाग में 9 हजार रुपये रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीसीसी सड़क निर्माण की बकाया राशि भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप,एसीबी की ट्रैप टीम ने रंगेहाथ दबोचा

हजारीबाग (Sahibganj):-जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी),हजारीबाग की टीम ने बुधवार को केरेडारी प्रखंड की कराली पंचायत के पंचायत सचिव तालेश्वर राम को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, केरेडारी प्रखंड के केमो गांव निवासी 78 वर्षीय दिगंबर पांडेय ने 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत कालीकरण पीसीसी सड़क से देवी मंडप तक पीसीसी पथ का निर्माण कराया था। इस योजना की स्वीकृत राशि 3 लाख 38 हजार रुपये थी, जिसमें से लगभग 2 लाख 84 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका था। शेष बकाया राशि के भुगतान के लिए पंचायत सचिव से संपर्क करने पर दिगंबर पांडेय ने 9 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।

शिकायत के सत्यापन के बाद दर्ज हुआ मामला

रिश्वत की मांग से परेशान होकर दिगंबर पांडेय ने एसीबी से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया गया। इसके बाद 27 अक्टूबर को एसीबी थाना कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया गया।

ट्रैप टीम ने की कार्रवाई

मामले में कार्रवाई करते हुए बुधवार को दंडाधिकारी और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में एसीबी की ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने निर्धारित कार्रवाई के दौरान पंचायत सचिव तालेश्वर राम को कथित तौर पर 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की टीम आरोपी से संबंधित आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इस कार्रवाई के बाद सरकारी योजनाओं के भुगतान में कथित रिश्वतखोरी का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|HAZARIBAG

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें