लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड पर भाजपा का अल्टीमेटम, 7 दिन में खुलासा नहीं तो होगा उग्र आंदोलन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

समीर उरांव बोले—राजधानी में सरकारी कर्मचारी की दिनदहाड़े हत्या हेमंत सरकार की कानून- व्यवस्था पर गंभीर सवाल

रांची (Ranchi):-राज्य के राज्यधानी पर स्तिथ अरगोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर गठित प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नामकुम के जोरार स्थित तेतरी टोली में घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल बुंडू के दलकीडीह गांव पहुंचा और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। भाजपा नेताओं ने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए पुलिस को सात दिनों के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने का अल्टीमेटम दिया। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।

घटनास्थल का निरीक्षण, परिजनों को दिया भरोसा

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद समीर उरांव, रामकुमार पाहन, अशोक बड़ाईक, आरती कुजूर और विनय महतो धीरज शामिल थे। नेताओं ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में भाजपा उनके साथ खड़ी है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और उन्हें कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।

नामकुम थाना पहुंचकर पुलिस से की मांग

परिजनों से मुलाकात के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल नामकुम थाना पहुंचा और थाना प्रभारी से बातचीत की। नेताओं ने पुलिस से सात दिनों के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में मामले का खुलासा नहीं होने पर पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

समीर उरांव ने सरकार पर साधा निशाना

प्रतिनिधिमंडल के संयोजक एवं पूर्व सांसद समीर उरांव ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में आदिवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजधानी रांची में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक सरकारी कर्मचारी की हत्या होना कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। समीर उरांव ने पुलिस प्रशासन से हत्याकांड का जल्द खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने दोहराया कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा आंदोलन करेगी।

इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह, लोवाडीह मंडल अध्यक्ष अशोक गोप, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडा, रितेश उरांव, पिंटू सिंह, रिंकू सिंह, अनिरुद्ध पांडेय, बिरसा पाहन, राजीव रंजन, तुलसी गोप और योगेंद्र महतो सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें