सियारकटिया मोड़ के पास पेट्रोल पंप के समीप हुआ हादसा,तीन घंटे तक जाम रही सड़क;पूर्व कृषि मंत्री ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया
जामताड़ा (Jamtara) जिले के नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत सियारकटिया मोड़ के पास पेट्रोल पंप के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। मृतकों की पहचान संगाजुड़ी निवासी सागर डोम (45) और उनके पुत्र छोटन डोम (22) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, सागर डोम अपने पुत्र छोटन डोम के साथ नाला से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सियारकटिया मोड़ के पास पेट्रोल पंप के समीप सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

पुलिस अधिकारियों ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नाला सर्किल इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया।
पूर्व कृषि मंत्री ने लोगों को समझाया
घटना की जानकारी मिलने पर झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल और नाला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों ने पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर लोगों को समझाया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया और आवागमन सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग
हादसे में पिता-पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहयोग दिया गया। साथ ही, सड़क दुर्घटना के बाद मिलने वाले मुआवजे और बीमा संबंधी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
REPORTER|SANTOSH KUMAR|JAMTARA









