तालझारी थाना क्षेत्र के महेंदी गांव में वारदात से फैली सनसनी,पुलिस ने तीनों को दबोचा;न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
साहिबगंज (तालझारी) जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के महेंदी गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार,आपसी विवाद के दौरान गाली-गलौज और मारपीट के बीच पत्थर से सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार प्रहार किए जाने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
साहिबगंज पुलिस के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 28 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे तालझारी थाना पुलिस को महेंदी गांव में मिट्टुन पहाड़िया की हत्या की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजमहल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वारना हांसदा (19),बेटका किस्कू (करीब 19) और वीरधन सोरेन (करीब 19) के रूप में हुई है।तीनों तालझारी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार,पूछताछ के दौरान सामने आया कि विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हुई। इसी दौरान वारना हांसदा ने कथित तौर पर पत्थर से मिट्टुन पहाड़िया के सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पत्नी सोनी मालतो के लिखित आवेदन पर तालझारी थाना कांड संख्या 186/2026, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) में मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी दल में राजमहल के पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन,ताल झारी थाना प्रभारी नीतेश कुमार पाण्डेय सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं रिजर्व गार्ड शामिल थे।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TALJHARI









