डीसी पर भड़के सांसद ढुल्लू महतो! बोले-झामुमो-कांग्रेस के कैडर बनकर काम कर रहा बोकारो प्रशासन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पर्वतपुर कोल ब्लॉक में निषेधाज्ञा लागू होने पर सांसद का फूटा गुस्सा, अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप, विस्थापितों को नियोजन और मुआवजा देने की उठाई मांग

बोकारो (Bokaro) जिले में पर्वतपुर कोल ब्लॉक में नियोजन की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। एक तरफ ग्रामीण रैयतों ने 29 अक्टूबर 2026 से जेएसडब्ल्यू पर्वतपुर कोल ब्लॉक का मुख्य द्वार अनिश्चित कालीन बंद करने की घोषणा की है, तो दूसरी तरफ जिला प्रशासन द्वारा कोल ब्लॉक के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू किए जाने से विवाद और गहरा गया है।

इसी मुद्दे को लेकर धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने बोकारो परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। निषेधाज्ञा लागू किए जाने से नाराज सांसद ने उपायुक्त और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बोकारो के उपायुक्त झामुमो और कांग्रेस के कैडर के रूप में काम कर रहे हैं।

सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि पर्वतपुर कोल ब्लॉक में विस्थापितों और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता निर्धारित की गई थी। इस वार्ता के लिए उन्हें बुलाया गया, लेकिन निर्धारित समय पर कोई भी अधिकारी वहां नहीं पहुंचा। उन्होंने प्रशासन की इस कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधियों और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के लिए अधिकारी ही सामने नहीं आएंगे, तो समाधान कैसे निकलेगा?

उन्होंने प्रशासन को अवमानना का मुकदमा दायर करने की चेतावनी भी दी। सांसद ने जिले में भ्रष्टाचार का बोलबाला होने और अधिकारियों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए उपायुक्त पर भी निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डीसी तस्वीरें छपवाकर नेतागिरी करते हैं और उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनका कार्यकाल छह महीने और बढ़ा देंगे।

सांसद ने साफ शब्दों में कहा कि पर्वतपुर कोल ब्लॉक के विस्थापितों और प्रभावित रैयतों के अधिकारों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। प्रभावित परिवारों को हर हाल में नियोजन और उचित मुआवजा मिलना चाहिए। जब तक ग्रामीणों की मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।

अब इस पूरे मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर हलचल बढ़ा दी है। एक ओर ग्रामीण रैयत नियोजन और मुआवजे की मांग पर आंदोलन के मूड में हैं, वहीं दूसरी ओर सांसद ढुल्लू महतो ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि पर्वतपुर कोल ब्लॉक के विस्थापितों को उनका अधिकार कब मिलेगा और जिला प्रशासन तथा आंदोलनकारी ग्रामीणों के बीच आखिर समाधान का रास्ता कैसे निकलेगा?

REPORTER|GOVIND THAKUR|BOKARO

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें