JTET परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, कदाचार रोकने के लिए सुरक्षा का सख्त पहरा;सुबह 6 बजे तक ड्यूटी पर पहुंचेंगे जवान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

1 नवंबर को होगी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026, परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच, उड़नदस्ता और क्यूआरटी टीम रहेगी तैनात

पाकुड़ (Pakur)झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) -2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए पाकुड़ जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक रणनीति तैयार की है।

इसी सिलसिले में 29 अक्टूबर को रविन्द्र भवन, पाकुड़ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात किए गए सभी पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन सभी पुलिसकर्मी सुबह 6 बजे तक अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर नहीं पहुंच सके।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया जाए। सभी के साथ शालीनता और संयमित व्यवहार बनाए रखें। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी सुरक्षाकर्मी केंद्रों पर तब तक तैनात रहेंगे, जब तक परीक्षा सामग्री कोषागार या बज्रगृह के लिए रवाना नहीं हो जाती।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों और आसपास लगातार गश्त करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, उड़नदस्ता दल परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक कमियों को दूर कराएगा।

इसके अलावा परीक्षा के दिन जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। प्रत्येक दो घंटे पर सभी परीक्षा केंद्रों से सुरक्षा और व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली जाएगी। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी टीम को भी तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। परीक्षा से संबंधित किसी भी तरह की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि JTET परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अब 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की वास्तविक परीक्षा होगी।

REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें