सेंटर बंद कर भाई के घर से बाइक पर लौट रहे थे पवन,रास्ते में सड़क पर गिरे मिले; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
साहिबगंज (Sahibganj) जिले में सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।जिस घर में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है।तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के सगड़भंगा गांव निवासी 30 वर्षीय पवन रविदास की गुरुवार देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।पवन सगड़भंगा पंचायत में शिफ्टिंग वीएलई के रूप में कार्यरत थे और ग्रामीणों को डिजिटल एवं ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराते थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
सेंटर बंद कर भाई के घर से लौट रहे थे पवन
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात पवन अपना सीएससी सेंटर बंद करने के बाद केशाखापड़ गांव स्थित अपने छोटे भाई के घर पहुंचे थे। वहां अपनी स्कॉर्पियो खड़ी करने के बाद वह बाइक से अपने घर सगड़भंगा लौट रहे थे। इसी दौरान केशाखापड़ और सगड़भंगा के बीच मुख्य सड़क पर वह बाइक समेत गिरे हुए मिले। हादसा किस परिस्थिति में हुआ, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने शुरू की तलाश
बताया जाता है कि जब पवन देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो गए। परिवार के सदस्यों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में निकल पड़े। इसी दौरान सड़क पर पवन को बाइक समेत गिरा हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों को डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराते थे पवन
पवन रविदास सगड़भंगा पंचायत में शिफ्टिंग वीएलई के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, डिजिटल सुविधाओं और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ पहुंचाने में मदद करते थे। इसके अलावा बभनगामा मोड़ पर उनका अपना सीएससी सेंटर भी संचालित था। अपने काम के जरिए उन्होंने क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई थी।
पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए पवन
पवन दो भाइयों में परिवार के भरण-पोषण की मुख्य जिम्मेदारी संभालते थे। उनके पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य के अचानक चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस पिता के सहारे बच्चों का भविष्य संवरना था, आज उसी पिता के असमय चले जाने से परिवार के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर राजमहल थाना पुलिस के नंद किशोर यादव और दीवान निराला मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पवन की मौत से सगड़भंगा गांव में मातम पसरा हुआ है। एक तरफ परिवार अपने सहारे को खोने के गम में डूबा है, तो दूसरी ओर गांव के लोग एक मिलनसार और सेवाभावी युवक के असमय निधन से स्तब्ध हैं।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|TINPAHAR









