स्वयं सहायता समूहों से छूटे परिवारों को जोड़ने का निर्देश,योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर डीसी का जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

साहिबगंज में JSLPS की समीक्षा बैठक आयोजित, डिजिटल आजीविका रजिस्टर की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने जताई नाराजगी; एक सप्ताह में सुधार का अल्टीमेटम

साहिबगंज (Sahibganj) जिले में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण आजीविका को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विकास योजनाओं की निगरानी तेज कर दी है।इसी कड़ी में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने प्रखंडवार कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

छूटे हुए परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का निर्देश

उपायुक्त ने सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों (BPM) को ग्रामीण क्षेत्रों में नए स्वयं सहायता समूहों (SHG) के गठन में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही अब तक समूहों से नहीं जुड़ पाए चिन्हित परिवारों को अनिवार्य रूप से स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी समीक्षा बैठक तक इस दिशा में ठोस और संतोषजनक प्रगति दिखाई देनी चाहिए।

डिजिटल रजिस्टर की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

समीक्षा के दौरान डिजिटल आजीविका रजिस्टर (DAR) के अद्यतीकरण की धीमी रफ्तार पर उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अगले एक सप्ताह के भीतर इसमें उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया, ताकि योजनाओं से संबंधित आंकड़ों का सही और अद्यतन रिकॉर्ड उपलब्ध हो सके।

उत्पादक समूहों के पंजीकरण और पशुपालकों पर विशेष जोर

उपायुक्त ने सभी उत्पादक समूहों (Producer Groups) से संबंधित आंकड़ों की पोर्टल पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा ग्रामीण पशुपालकों की आजीविका को मजबूत बनाने के लिए आयोजित होने वाले बकरी कृमिनाशक (डीवर्मिंग) शिविरों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सफल बनाने तथा सभी पात्र पशुपालकों तक इसका लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।

लंबित बीमा दावों का प्राथमिकता से होगा निपटारा

वित्तीय समावेशन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने आजीविका सूक्ष्म ऋण योजना (LMCP) से संबंधित सभी प्रविष्टियों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं बीमा योजनाओं के तहत लंबित मृत्यु दावा निपटान (Death Claim Settlement) के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने को कहा, ताकि मृतक के आश्रित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में DPM JSLPS मार्टिन तारीक, विभिन्न प्रखंडों के BPM सहित JSLPS के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें