साहिबगंज के पांच विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बाल शोषण और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए किया गया प्रेरित
साहिबगंज (Sahibganj) बच्चों का बचपन सुरक्षित हो, उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी हो और किसी भी तरह के शोषण या उत्पीड़न के खिलाफ वे बेखौफ होकर आवाज उठा सकें, इसी उद्देश्य से साहिबगंज जिले में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज श्री सुभाष के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस संबंध में प्राधिकार के प्रभारी सचिव सह अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अभिषेक प्रसाद ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम के दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों (PLV) ने विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण और विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार का शोषण, उत्पीड़न या अन्याय होने पर उन्हें चुप रहने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसकी जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए।
पॉक्सो और बाल विवाह निषेध कानून की दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विशेष रूप से लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO), बाल विवाह निषेध अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों से अवगत कराया गया। साथ ही बाल शोषण, उत्पीड़न और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। किसी प्रतिकूल परिस्थिति में कानूनी सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है, इसकी भी जानकारी दी गई।

साइबर अपराधों से बचने के बताए तरीके
आज के डिजिटल दौर में बच्चों को ऑनलाइन अपराधों से सुरक्षित रखना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क करने में सतर्क रहें तथा अपना पासवर्ड, ओटीपी और निजी तस्वीरें किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी बच्चे को ऑनलाइन धमकी, उत्पीड़न या साइबर अपराध का सामना करना पड़ता है, तो उसे डरने या चुप रहने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों और शिक्षकों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
अभियान के तहत राजस्थान इंटर स्कूल, वाईडीसी बालिका उच्च विद्यालय, उत्क्रमित प्लस टू पीएम श्री बालिका उच्च विद्यालय, नया टोला, नगरपालिका बालिका मध्य विद्यालय तथा मुख्यमंत्री श्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय, पोखरिया, साहिबगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और संरक्षण के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि उनका बचपन सुरक्षित रखना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में बच्चे भयभीत न हों और जरूरत पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की इस पहल का उद्देश्य बच्चों के लिए भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण तैयार करना तथा बाल अपराधों की रोकथाम के प्रति विद्यालयों और समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









